अमेरिका का फ्लाइट सिस्टम फेल, पूरी तरह नॉर्मल होने में लगेंगे दो दिन
नई दिल्ली. बुधवार को एयरपोर्ट और एयर ट्रैफिक कंट्रोल के कंप्यूटरों में अचानक आई तकनीकी खामियों के बाद अमेरिका में एयरलाइन की सभी उड़ानों को रोक दिया गया। हालांकि, कुछ घंटे बाद धीरे-धीरे फ्लाइट ऑपरेशन शुरू होने लगा। फेडरल एविएशन एजेंसी के मुताबिक, (नोटिस टू एयर मिशन्स) सिस्टम ‘फेल’ हो जाने की वजह से यह इमरजेंसी आई। बता दें कि नोटिस टू एयर मिशन्स पूरे फ्लाइट ऑपरेशन का सबसे अहम हिस्सा होता है। इसके जरिए ही फ्लाइट्स को टेकऑफ या लैंडिंग की जानकारी मिलती है। नोटिस टू एयर मिशन्स रियल टाइम डेटा लेकर एयरपोर्ट ऑपरेशन्स या एयर ट्रैफिक कंट्रोल को देता है। इसके बाद एटीसी इसे पायलट्स तक पहुंचाते हैं।
अमेरिका में बुधवार को (नोटिस टू एयर मिशन्स) सिस्टम में खराबी के चलते एयर ट्रैफिक ठप हो गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 4663 फ्लाइट्स लेट हुईं। 450 डोमेस्टिक और इंटरनेशनल फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गईं। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के मुताबिक करीब 4 घंटे की दिक्कत के बाद फ्लाइट ऑपरेशन्स धीरे-धीरे शुरू हो गए। एविएशन एक्सपर्ट्स के मुताबिक हालात सामान्य होने में कम से कम 2 दिन लगेंगे। मामला कितना गंभीर है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इस मामले पर व्हाइट हाउस में इमरजेंसी मीटिंग हुई। राष्ट्रपति जो बाइडेन ने ट्रांसपोर्ट सेक्रेटरी से रिपोर्ट तलब की।

