ग्वालियर से चार धाम की यात्रा के लिए निकली बस ओडिशा में अचानक लगी आग

ओडिशा. ग्वालियर से चार धाम की यात्रा के लिए निकली एक स्लीपर बस ओडिशा के पुरी में हादसे का शिकार हो गई है। बस में अचानक आग लग गई। जब तक कोई कुछ समझ पाता आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों से घिरे यात्री कांच तोड़कर और इमरजेंसी गेट से बाहर निकले। अच्छी बात ये रही कि सभी यात्री सुरक्षित हैं, लेकिन बस में रखा उनका सामान जल गया। भाजपा नेता संबित पात्रा ने अपने ट्विटर अकाउंट पर इस घटना की जानकारी और तस्वीरें पोस्ट की है। जिसके बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने भी ट्वीट कर सभी यात्रियों का ख्याल रखने पर उनका आभार माना है। सीएम ने कहा कि सरकार सभी यात्रियों के साथ खड़ी है।

ग्वालियर से निकली थी चार धाम यात्रा के लिए बस
ग्वालियर-चंबल अंचल के करीब 35 से 40 यात्रियों को लेकर पिछले सप्ताह एक वीडियो कोच बस तीर्थ दर्शन के लिए निकली थी। सोमवार को बस ओडिशा के पुरी पहुंची। यहां जगन्नाथ जी के दर्शन कराने के लिए बस आगे बढ़ रही थी। तभी शॉर्ट सर्किट से अचानक बस में आग लग गई। आग लगते ही बस में अफरा-तरफी मच गई और लोग यहां वहां भागने लगे। कुछ ही मिनट में पूरी बस आग की चपेट में आ गई। यात्री अपना-अपना सामान छोड़कर बस के कांच तोड़कर बाहर निकले। स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने और यात्रियों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया है। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कुछ यात्री मामूली रूप से झुलस गए हैं, लेकिन इतना नहीं कि गंभीर की श्रेणी में आए।

बीजेपी नेता संबित पात्रा भी मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी लगते ही भाजपा नेता संबित पात्रा भी घटना स्थल पहुंच गए और उन्होंने पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन को मॉनिटर किया। उन्होंने यात्रियों से बात की और उनको समझाया कि सामान फिर मिल जाएगा, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई है यह भगवान जगन्नाथ जी की कृपा है। स्थानीय प्रशासन की मदद से उन्होंने सभी यात्रियों के रुकने और उनके ग्वालियर लौटने का इंतजाम किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *