Latestराज्यराष्ट्रीय

इंदौर पूरी दुनिया में लाजवाब, यह दुनिया के विकास का इंजन बन सकता है- PM मोदी

इंदौर. PM मोदी आज इंदौर में 17वें प्रवासी भारतीय सम्मेलन में दूसरे दिन शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज दुनिया भारत की सुनती है। भारत में स्किल कैपिटल बनने का सामर्थ्य है, यह दुनिया के विकास का इंजन बन सकता है। आज भारत के पास सक्षम युवाओं की एक बड़ी तादाद है। हमारे युवाओं के पास स्किल भी है, वैल्यूज भी हैं। काम करने के लिए जरूरी जज्बा और ईमानदारी भी है।

ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर के ग्रैंड हॉल मोदी-मोदी के नारों से गूंज उठा
PM ने कहा कि इंदौर दुनिया में लाजवाब है। लोग कहते हैं कि इंदौर एक शहर है, लेकिन मैं कहता हूं कि इंदौर एक दौर है, जो समय से आगे चलता है। इस साल भारत दुनिया के जी-20 समूह की अध्यक्षता भी कर रहा है। भारत इस जिम्मेदारी को एक बड़े अवसर के रूप में देख रहा है। हमारे लिए यह दुनिया को भारत के बारे में बताने का अवसर है। हमें जी-20 केवल एक डिप्लोमैटिक इवेंट नहीं, बल्कि जन भागीदारी का आयोजन बनाना है। ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर के ग्रैंड हॉल में मोदी जब मंच पर पहुंचे, तो हॉल मोदी-मोदी के नारों से गूंज उठा। प्रधानमंत्री ने कहा, अपनों से आमने-सामने की मुलाकात, बात का अलग आनंद और महत्व होता है। उन्होंने NRI को कहा कि MP में मां नर्मदा का जल, जंगल, आदिवासी परंपरा और यहां बहुत कुछ है, जो आपकी यात्रा को अविस्मरणीय बनाएगा। उज्जैन में भी भव्य महाकाल लोक का विस्तार हुआ है। आप सभी वहां जाएं और महाकाल का आशीर्वाद लें।

इंदौर एक शहर नहीं, एक दौर है
इंदौर की तारीफ करते हुए PM ने कहा कि इंदौर अद्भुत है। लोग कहते हैं कि इंदौर एक शहर है, लेकिन मैं कहता हूं कि इंदौर एक दौर है, जो समय से आगे चलता है, फिर भी विरासत को समेटे रहता है। इंदौर पूरी दुनिया में लाजवाब है। इंदौरी नमकीन का स्वाद, साबूदाने की खिचड़ी, कचौरी, समोसे, शिकंजी जिसने भी इसे देखा उसके मुंह का पानी नहीं रुका। जिसने इन्हें चखा, उसने कहीं और मुड़कर नहीं देखा। 56 दुकान तो प्रसिद्ध है ही, सराफा भी महत्वपूर्ण है। यही वजह है कि लोग इंदौर को स्वच्छता के साथ स्वाद की राजधानी भी कहते हैं। यहां के अनुभव आप खुद भी नहीं भूलेंगे और दूसरों को भी बताना नहीं भूलेंगे।

NRI विदेशी धरती पर भारत के राष्ट्रदूत
दुनिया के अलग-अलग देशों में भारत के लोगों की एक कॉमन तस्वीर दिखती है, तो वसुधैव कुटुम्बकम की भावना उसके साक्षात दर्शन कराती है। दूसरे देशों में भारत के अलग-अलग क्षेत्रों के लोग मिलते हैं, तो एक-भारत, श्रेष्ठ भारत का अहसास होता है। दुनिया में जब सबसे अनुशासित और शांतिप्रिय लोगों की चर्चा होती है, तो मदर ऑफ डेमोक्रेसी का गौरव बढ़ जाता है। जब हमारा विश्व आकलन करता है, तो सशक्त और समर्थ भारत की आवाज सुनाई देती है। इसीलिए मैं सभी प्रवासी भारतीयों को विदेशी धरती पर भारत का राष्ट्रदूत यानी ब्रैंड एम्बेस्डर कहता हूं।

हमारी ताकत दुनिया देख रही है
पिछले कुछ साल में भारत ने विकास की जो गति और उपलब्धि हासिल की है, वो अविश्वमरणीय है। जब कैशलेस ट्रांजेक्शन की बात होती है, तो दुनिया के 40% ट्रांजेक्शन भारत में होते हैं। भारत 1 मिनट में 100-100 सैटेलाइट लॉन्च करने का रिकॉर्ड बना रहा है। हमारी ताकत दुनिया देख रही है। भारत का ये दमखम भारत से जुड़े हर व्यक्ति का सीना चौड़ा कर देता है। वैश्विक मंच पर आज भारत की बात एक अलग ही महत्व रखती है। भारत की ताकत आने वाले दिनों और ज्यादा बढ़ने वाली है। भारत को लेकर क्यूरेसिटी भी बढ़ेगी। ऐसे में भारत से बाहर रहने वाले भारतीयों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।

हमारे लिए ये दुनिया को भारत के बारे में बताने का अवसर
इस साल भारत दुनिया के G-20 सम्मेलन की अध्यक्षता भी कर रहा है। भारत इस जिम्मेदारी को अवसर के रूप में देख रहा है। हमारे लिए ये दुनिया को भारत के बारे में बताने का अवसर है। ये दुनिया के लिए भारत के अनुभवों से सीखने का, पुराने अनुभवों से सस्टेनेबल फ्यूचर की दिशा तय करने का अवसर है। हमें G-20 केवल डिप्लोमैटिक आयोजन नहीं, बल्कि जनभागीदारी का आयोजन बनाना है। इसलिए भारत के देश अतिथि देवो भव: की जनभावना का दर्शन करेंगे। आप उनको भारत के बारे में बता सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *