MP में कोरोना के नए वैरिएंट को लेकर राज्‍य सरकार सतर्क, प्रदेश में संक्रमण दर शून्‍य, पांच सक्रिय मरीज

भोपाल. कोरोना के नए वैरिएंट बीएफ.7 को लेकर देश-दुनिया में बढ़ती चिंता के बीच प्रदेशवासियों के लिए एक अच्छी खबर है। प्रदेश में फिलहाल कोरोना संक्रमण दर शून्य है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कोरोना के एक भी नए मरीज की पहचान नहीं हुई। इस दौरान जांचे गए सैंपलों में सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। शुक्रवार को बातचीत के दौरान प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इस बात की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पिछले 24 घंटों में कोरोना का एक भी नया केस सामने नहीं आया है। संक्रमण दर शून्य रही है। ठीक होकर अपने घरों और गंतव्य की ओर जाने वालों की संख्या भी शून्य है। पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना जांच के लिए 65 सैंपल लिए गए। वर्तमान में प्रदेश में कोरोना के 05 सक्रिय मरीज हैं। रिकवरी रेट 98.70% है।

जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए डीआरडीई ग्वालियर में सैंपल तुरंत भेजने के निर्देश
इससे पहले गुरुवार को स्वास्थ्य आयुक्त डा. सुदाम खाड़े ने सभी जिलों के कलेक्टर और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को पत्र लिखकर कहा है कि कोरोना के सभी पाजिटिव प्रकरणों की जीनोम सीक्वेंसिंग तुरंत कराएं। इसके लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भोपाल और डीआरडीई ग्वालियर में सैंपल भेजने के लिए कहा गया है। उन्होंने संदिग्ध मरीजों की पहचान, जांच, उपचार, टीकाकरण और कोरोना से निपटने के लिए सावधानी बरतने की रणनीति फिर से शुरु करने को कहा है। इसके अलावा भारत सरकार ने सभी राज्यों को एडवाइजरी जारी की है, जिसमें विदेश से आने वाले यात्रियों के लिए कोरोनारोधी टीका लगा होने का प्रमाण पत्र देखने के साथ ही लक्षण मिलने पर तय प्रक्रिया के अनुसार आइसोलेट करने को कहा गया है।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *