पटवारी निलंबित, तहसीलदार को नोटिस, संभागायुक्त दीपक सिंह की अध्यक्षता में शिविर आयोजित
ग्वालियर संभागायुक्त दीपक सिंह की अध्यक्षता में आदिवासी विकासखण्ड कराहल के ग्राम सेंसईपुरा में मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान अंतर्गत शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर शिवम वर्मा, अपर कलेक्टर टीएन सिंह, एसडीएम लोकेन्द्र सरल, भाजपा मंडल अध्यक्ष कराहल मेहरवान सिंह यादव, तहसीलदार वीर सिंह आवासिया, सीईओ जनपद अभिषेक त्रिवेदी सहित अन्य अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।
संभागायुक्त द्वारा सेंसईपुरा में मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान अंतर्गत आयोजित शिविर के दौरान निर्देश दिये कि ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों को ऑनलाइन दर्ज करते हुए स्वीकृति के लिए संबंधित विभागों को भेजा जायें। शासन द्वारा 37 योजनाओं में हितग्राहियों को शत प्रतिशत लाभान्वित करने की मंशा के अनुरूप सभी हितग्राहियों को 31 अक्टूबर तक योजनाओं में लाभ प्रदान करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जायें। हितग्राहियों को लाभ का वितरण मप्र के स्थापना दिवस 01 नवंबर के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से किया जायेगा। उन्होने कहा कि 37 योजनाओं के अलावा अन्य योजनाओं में प्राप्त आवेदनों में भी सकारात्मक निराकरण करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जायें। उन्होने कहा कि कलेक्टर की पहल पर श्योपुर जिले में अविवादित नामातंरण, सीमांकन, बंटवारा आदि राजस्व संबंधी प्रकरणों के निराकरण हेतु विशेष राजस्व शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें नामातंरण, सीमांकन के प्रकरण निराकृत करने की कार्यवाही की जाये। उन्होने कहा कि फोती नामातंरण शेष नही रहना चाहिए। इसके अलावा उन्होने निर्देश दिये कि जनसेवा अभियान अंतर्गत आयोजित शिविरों में बी-वन का वाचन किया जायें। इस दौरान ग्राम सेंसईपुरा में ग्रामीणों के नामांतरण प्रकरणों का निराकरण नही करने की शिकायत पर पटवारी नरेन्द्र रूहल को निलंबित करने तथा तहसीलदार वीर सिंह आवासिया को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये गये।

