जेल में बन्द मुख्तार के ठिकानों पर ED की छापामार कार्यवाही, भाई अफजाल अंसारी के घर की तलाशी, दिल्ली और लखनऊ में भी पहुंची टीमें

गाजीपुर. जेल में बन्द उत्तरप्रदेश के बाहुबली नेता मुख्तार अंसारी के दिल्ली-लखनऊ और गाजीपुर के ठिकानों पर ED ने छापा मारा है। मुख्तार अंसारी और उनके भाई BSP सांसद अफजल अंसारी के मुहम्मदाबाद स्थित आवास पर गुरूवार की सुबह टीमें पहुंची। गाजीपुर में 3 नजदीकी व्यापारियों के यहां भी छापेमारी की जा रही है। दिल्ली और लखनऊ में भी कुछ ठिकानों पर ED की टीमें मौजूद हैं।
प्रॉपर्टी डीलर, ज्वेलर्स और ट्रेवल्स वालों के यहां पर ED की कार्यवाही
ED की टीम ने गाजीपुर के मिश्र बाजार, टाउनहाल के सरायगली, रौजा और मुहम्मदाबाद में छापेमारी की गयी है। मिश्र बाजार में ज्वेलर्स विक्रम अग्रहरी, टाउनहाल के सराय गली के खान ट्रेवल्स संचालक मुश्ताक खां, रौजा में प्रॉपर्टी डीलर गणेशदत्त मिश्रा के यहां तलाशी ली गयी है और आगे की कार्यवाही जारी है।
ईडी के राडार पर हैं अंसारी के करीबी व्यापारी
ज्वेलर्स विक्रम अग्रहरि- गाजीपुर में यह बड़े ज्वेलर्स है। इनका नाम मुख्तार अंसारी के नजदीकियों में गिना जाता है। अंसारी बंधुओ की कौमी एकता दल से गाजीपुर नगर पालिका चेयरमैन का चुनाव लड़ चुके हैं। हालांकि, वह हार गये थे इनके ऊपर पहली बार ईडी की कार्यवाही की जा रही है।
मुश्ताक खां हैं ट्रेवल्स संचालक
गजीपुर में खान ट्रेवल्स के नाम से मुश्ताक खां की कई बसें चलती हैं। इनकी बसें गाजीपुर स्थानीय से लेकर कई शहरों तक आती-जाती है। चह भी मुख्तार के नजदीकियों में आते हैं। इन पर पहली बार कार्यवाही हुई है।
गणेशदत्त मिश्रा है प्रॉपर्टी डीलर
बडे प्रॉपर्टी डीलर है। गाजीपुर से लखनऊ तक व्यापार है। ऐसा बताया जाता है कि मुख्तार के प्रॉपर्टी डीलिंग का काम यही संभालते थे। इससे पहले पिछले वर्ष गाजीपुर में इनका 4 फलोर का मकान ध्वस्त किया जा चुका है। मऊ में भी इनके मकान की कुर्की हो चुकी है।

