UP में 6 कांवडियों की मौत के बाद GWALIOR में शव रखकर लगाया जाम, 25-25 लाख की आर्थिक सहायता की मांग
ग्वालियर. हरिद्वार से कांवड़ भरकर ग्वालियर आ रहे कांवड़ियों का एक दल यूपी के हाथरस में सड़क हादसे का शिकार हो गया। इस हादसे में पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है और एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही एडीजी आगरा जोन और आइजी अलीगढ़ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए आगरा पहुंचाया गया। यहां उपचार के दाैरान एक गंभीर मरीज की माैत हाे गई। जिस डंपर ने कांवड़ियों को कुचला वो भी ग्वालियर के ठाकुर ट्रांसपोर्ट का बताया जा रहा है, पुलिस ने चालक प्रवेश को गिरफ्तार कर लिया है। डंपर गिट्टी सिकंदराराऊ में गिट्टी खाली कर वापस ग्वालियर लौट रहा था। उधर मृतकों के शव उटीला पहुंचे तो स्वजनों का गुस्सा भड़क उठा। स्वजनों ने शवों को बड़ागांव हाइवे पर रखकर चक्काजाम कर दिया है। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी भी माैके पर पहुंच गए हैं। उधर जाम के कारण दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई है। मृतकों के स्वजनों ने 25 लाख की आर्थिक सहायता की मांग की है।
ग्वालियर बायपास पर शव रखकर लगाया जाम
शनिवार दोपहर 12 बजे के लगभग सभी 6 शवों को लेकर परिजन ग्वालियर पहुंचे हैं। ग्वालियर पहुंचते ही परिजन गांव नहीं गए बल्कि झांसी रोड स्थित ग्वालियर बायपास पर खुरैरी इलाके में शव रखकर जाम लगा दिया। जाम लगते ही प्रशासनिक व पुलिस अफसर मौके पर पहुंच गए। विधायक सतीश सिकरवार भी पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंच गए, जबकि वो इलाका उनके विधानसभा क्षेत्र का नहीं था। उन्होंने प्रशासन से बात कर पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता दिलवाई है।

