सीबीआई जांच के घेरे में दिल्ली की आबकारी नीति, केजरीवाल बोले, मनीष सिसोदिया को फंसाने की साजिश
नई दिल्ली. दिल्ली में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपराज्यपाल वीके सक्सेना में एक बार फिर ठन गई है। उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने दिल्ली सरकार की आबकारी नीति 2021-22 में नियमों के उल्लंघन के साथ प्रक्रियागत खामियों को लेकर आपत्ति जताई है और इस संबंध में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) जांच की सिफारिश की है। इस फैसले के बाद दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया जांच के घेरे में आ सकते हैं।
सीबीआई जांच पर भड़के सीएम केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक्साइज पॉलिसी की सीबीआई जांच को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। केजरीवाल ने कहा कि ये पूरा केस झूठा है और मनीष सिसोदिया को जेल भेजने की साजिश रची जा रही है। केजरीवाल ने कहा कि मैं मनीष सिसोदिया को 22 साल से जानता हूं, वह ईमानदार आदमी हैं। केजरीवाल ने कहा कि तुम सावरकर की औलाद हो, हम भगत सिंह की औलाद हैं। हमें जेल जाने से डर नहीं लगता है। केजरीवाल ने कहा कि जब से पंजाब में आम आदमी पार्टी ने जीत हासिल की है तब से यह हमारे पीछे पड़ी है। भाजपा नहीं चाहती है कि आम आदमी पार्टी देश में फैले।
ये है पूरा मामला
अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि दिल्ली के मुख्य सचिव की इस महीने की शुरुआत में सौंपी गयी रिपोर्ट के आधार पर CBI जांच की सिफारिश की गई है। चीफ सेक्रेटरी की रिपोर्ट में शराब माफिया को 144 करोड़ का फायदा पहुंचाने का जिक्र था। सूत्रों के मुताबिक इस रिपोर्ट से प्रथम दृष्टया राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार (जीएनसीटीडी) अधिनियम, 1991, व्यापारिक लेनदेन की नियमावली-1993, दिल्ली आबकारी अधिनियम, 2009 और दिल्ली आबकारी नियम, 2010 के उल्लंघनों के बारे में जानकारी मिली है।

