MP विधानसभा का मानसून सत्र 13 सितंबर से, महज पांच दिन चलेगा सत्र
भोपाल. मध्यप्रदेश में विधानसभा का मानसून सत्र 25 जुलाई से शुरू होने वाला था। निकाय चुनाव को देखते हुए मानसून सत्र को टाल दिया गया है। अब मानसून सत्र 13 सितंबर से 17 सितंबर तक आयोजित होगा। इस बार भी महज पांच दिन के लिए ही सत्र बुलाया गया है। सूत्रों के मुताबिक मानसून सत्र की तारीख आगे बढ़ाते हुए इसे 13 सितंबर से शुरू किया जाएगा। इसकी आधिकारीक जानकारी जल्द ही जारी की जाएगी।
इससे पहले विधानसभा का मानसून सत्र 25 जुलाई से 29 जुलाई के बीच होना था, लेकिन नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव के चलते कांग्रेस ने भी मानसून सत्र को आगे बढ़ाने की मांग की थी। कांग्रेस की इस मांग पर सरकार ने भी सहमति जताई थी, जिसके बाद राज्यपाल को सत्र आगे बढ़ाने के लिए पत्र लिखकर अनुरोध किया गया था। अब राज्य सरकार ने भी 13 सितंबर से 17 सितंबर के बीच सत्र आयोजित करने के लिए राज्यपाल से अनुरोध किया है।
सूत्रों के मुताबिक अगस्त के दूसरे सप्ताह में अवकाश की भरमार है। तीसरे सप्ताह में विधानसभा के अध्यक्ष और प्रमुख सचिव को कनाडा में आयोजित सम्मेलन में भाग लेने जाना है। अगस्त में सत्र शुरू होने की संभावना कम थी। इसलिए विधानसभा के मानसून सत्र को सितंबर में रखा गया है।

