ग्वालियर में लोडिंग वाहन के नीचे ट्रे जैसा केबिन बनाया, खींचा तो मिला 50 किलो गांजा, पुष्पा फिल्म से मिला आइडिया
ग्वालियर. क्राइम ब्रांच व घाटीगांव पुलिस ने सोमवार की रात को बसौटा तिराहे के पास से 50 किलो गांजे के साथ इंदौर के गाैतम नगर निवासी दिनेश बामनिया को पकड़ा है। आरोपित नागपुर से लोडिंग वाहन से इंदौर व ग्वालियर होते हुए गांजा तस्करी कर फरीदाबाद दिल्ली लेकर जा रहे था। पुलिस के पास पुख्ता सूचना थी कि लोडिंग वाहन में गांजा हैं। चेकिंग प्वाइंट लगाकर इस गाड़ी को रोका। खाली गाड़ी देखकर स्तब्ध रह गई। गाड़ी में कुछ नहीं था। गौर से देखने पर पता चला कि गांजे की सप्लाइ के लिए उसने पीछे ट्रे के समान एक कैबिन बना रखा था। इस ट्रे को खींचकर देखने पर दो बोरी गांजा मिला। आरोपित ने पुलिस को बताया कि गांजे की सप्लाई के लिए उसे यह आइडिया पुष्पा फिल्म से आया था। आरोपित इसे वाहन से पहले भी नागपुर से दिल्ली गांजे की सप्लाइ कर चुका है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर पता लगा रही है कि नागपुर में गांजा किस से लेकर फरीदाबाद में किस को सप्लाई करने के लिए जा रहा था। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार करने के साथ लोडिंग वाहन को जब्त कर लिया है।
एएसपी राजेश दंडौतिया ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि शिवपुरी की तरफ से एक लोडिंग वाहन शिवपुरी की तरफ से आ रहा है। इस वाहन में भारी मात्रा में गांजा है। इस सूचना पर क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी दामोदर गुप्ता ने क्राइम ब्रांच की टीम को घाटीगांव भेजा गया। क्राइम ब्रांच की टीम ने थाना प्रभारी घाटीगांव उप निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह गुर्जर से समन्वय करते हुए संयुक्त रूप से बसौटा तिराहा हाइवे पर वाहन चेकिंग शुरू की गई। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को एक सफेद रंग का लोडिंग वाहन शिवपुरी की तरफ से आता दिखा, लोडिंग चालक ने पुलिस चेकिंग को देखकर अपने वाहन को वापस लौटाने का प्रयास किया, लेकिन चेकिंग कर रहे पुलिस जवानों ने उसे घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में लोडिंग वाहन चालक ने अपना नाम दिनेश पुत्र कैलाश बामनिया निवासी गाैतम नगर इंदौर बताया। संदेह के आधार पर लोडिंग वाहन की तलाशी लेने पर वाहन के पीछे लाल रंग की दरी से ढंकी हुई दो प्लास्टिक की बोरी मिली, जिन्हे खोलकर देखा गया तो उसके अन्दर गांजा भरा हुआ था। तौल करने पर एक प्लास्टिक की बोरी में 30 किलो 500 ग्राम तथा दूसरी बोरी में 19 किलो 500 ग्राम गांजा पाया गया। दोनों बोरियों में कुल 50 किलोग्राम गांजा जब्त किया। गांजे के संबंध में पूछने पर पकड़े गए तस्कर ने बताया कि वह उक्त गांजा नागपुर से इंदाैर होते हुए फरीदाबाद(दिल्ली) लेकर जा रहा था। पकड़े गए तस्कर के खिलाफ घाटीगांव थाने में 8/20 एनडीपीएस का प्रकरण पंजीबद्व कर विवचेना में लिया गया है। पुलिस टीम द्वारा पकड़े गए तस्कर से गांजे के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

