ग्वालियर में कांग्रेस नेता फूलसिंह बरैया ने BJP को 2023 चुनाव में खुलेआम चुनौती दी, 50 से ज्यादा सीट नहीं आएंगी, आईं तो अपना मुंह काला कर लूंगा
ग्वालियर. ग्वालियर में कांग्रेस के दलित नेता फूलसिंह बरैया ने BJP को 2023 चुनाव में खुलेआम चुनौती दी है। उन्होंने बयान दिया है कि BJP चुनाव में 50 से ज्यादा सीट नहीं जीत पाएगी। उन्होंने यह कहा कि यह उनका विश्वास नहीं दावा है। यदि ऐसा होता है तो वह राज्यभवन के बाहर खुद का मुंह काला करवा लेंगे। इतना ही नहीं उन्होंने इस दावे के पीछे के कारण भी बताए। उनका कहना है कि SC, ST और अल्पसंख्यक तीनों से BJP को वोट मांगने का हक नहीं है। पिछली बार 1.55 करोड़ वोट में कांग्रेस की सरकार बनी थी। इस बार 1.65 करोड़ में कांग्रेस की सरकार बनेगी। क्योंकि अनुसूचित जाति, जनजाति और अल्पसंख्यक मिलाकर प्रदेश मंे 2.40 करोड़ वोट हैं। यह BJP को वोट नहीं देंगे।
ग्वालियर-चंबल अंचल में कांग्रेस के दलित चेहरा के रूप में पहचाने जाने वाले फूलसिंह बरैया ने अब BJP पर बयानी हमला किया है। उन्होंने BJP को दलित, आदिवासी व अल्पसंख्यक विरोधी बताया है। पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने मीडिया से बात करते हुए सोफे पर अपने साथ नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह व दलित नेता फूलसिंह बरैया को बैठाया है। इससे यह तो साफ है कि ग्वालियर-चंबल अंचल में दलित चेहरे के रूप में कांग्रेस फूलसिंह बरैया पर ही दाव लगाएगा। इसी जोश मंे कांग्रेस नेता फूलसिंह बरैया ने भारतीय जनता पार्टी को बड़ा चैलेंज दिया है। उन्होंने कहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव 2023 मंे भाजपा 50 से ज्यादा सीट नहीं जीत पाएगी। यह 50 सीट भी बड़ी मुश्किल से जीत सकेगी। यदि भाजपा आधा सैकड़ा से सीट से ज्यादा जीत जाएगी तो वह खुद अपना मुंह राज्यभवन के सामने खड़े होकर काला कर लेंगे।

