जयति सिंह बनी स्मार्ट सिटी सीईओ, महीप तेजस्वी का तबादला
ग्वालियर. राज्य सरकार ने ग्वालियर स्मार्ट सिटी के सीईओ महीप तेजस्वी का तबादला सीएम दफ्तर में अवर सचिव पद पर किया है। स्मार्ट सिटी सीईओ की जिम्मेदारी डबरा एसडीएम जयति सिंह को सौंपी है। स्मार्ट सिटी के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को आपदा प्रबंधन केदं्र बनाया है। इसमें तेजस्वी सक्रिय रहे है। कहा जा रहा है कि आदेश निरस्त किया जा सकता है।
2300 करोड़ की स्मार्ट सिटी योजना के तहत कार्य होना है
एडीएम तेजस्वी को नवंबर 2017 में स्मार्ट सिटी का सीईओ बनाया था। पहले इस पद पर एसडीएम विदिशा मुखर्जी पदस्थ थी। करीब 2300 करोड़ की स्मार्ट सिटी योजना के तहत 71 मॉड्यूल्स पर कार्य होना है इनमें से पार्क, कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, वैरीएवल साइन मैनेजमेंट सिस्टम सहित एक दर्जन कार्यों का लोकार्पण हो चुका है।
इस आदेश की कहीं से कोई सुगबुगाहट तक नहीं थी
कोरोना से निपटने तेजस्वी ने कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को आपदा प्रबंधन केंद्र बनाने का प्रस्ताव रखा था जिस पर कलेक्टर व अन्य अधिकारियों ने सहमति दे दी। सेंटर में तेजस्वी 10 से 12 घंटे रहकर व्यवस्थाओं को बेहतर करने में जुटे थे। शुक्रवार शाम 4 बजे तक तबादले की कोई हलचल नहीं थी। शाम को तब आदेश आया तब तक अधिकतर अधिकारी घर जा चुके थे। तेजस्वी भी अवाक थे क्योंकि इस प्रकार के आदेश की कहीं से कोई सुगबुगाहट तक नहीं थी।
