डबरा में कुल्हाड़ी से काटकर दो की हत्या, 7 के खिलाफ मामला दर्ज
ग्वालियर. जमीन के विवाद पर भतीजे ने आधा दर्जन साथियों के साथ मिलकर चाचाओं की कुल्हाड़ी से मार कर हत्या कर दी। घटना डबरा थाना क्षेत्र के बेलगढ़ा गांव में आज शनिवार की सुबह लगभग 6 बजे की है। घटना का पता चलते ही परिजन घायलों को लेकर उपचार के लिए पहुंचे जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने 7 आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
7 आरोपी फरार
डबरा थाना क्षेत्र स्थित बेलगढ़ा गांव निवासी अमरसिंह रावत पुत्र अंतराम राव किसान है और उनके साथ ही उनके छोटे भाई गिरवर का परिवार भी सम्मिलित रहता है। शनिवार की सुबह गिरवर और अमरसिंह खेत पर काम कर रहे थे तभी पास ही रहने वाले बटोली रावत, गब्बर रावत, पुष्पेन्द्र रावत, खेरू उर्फ राजकुमार राव, धर्मेन्द्र रावत, अरविंद रावत और पहलवान रावत वहां पर पहुंचे और अमर सिंह और गिरवर की मारपीट कर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले का पता चलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
क्या है पूरा विवाद?
जानकारी के अनुसार दो दिन पहले अमरसिंह और गिरवर अपने खेत की मिट्टी पलटवा रहे थे इस पर बटोली रावत से उनका विवाद हुआ था। विवाद के दौरान मारपीट भी हुई थी लेकिन उस समय आस-पास के लोगों द्वारा बीच-बचाव करा दिया था। वहीं बताया गया है कि आरोपियों में शामिल खेरू उर्फ राजकुार रावत अमरसिंह और गिरवर का भतीजा है।
