चुनाव आयोग की वेबसाइट में सेंध लगाकर बनाये गये हजारों फर्जी वोटरकार्ड, मास्टरमाइंड हरदा का अरमान निकला

भोपाल. भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट में सेंध लगाकर 10 हजार फर्जी वोटरकार्ड आईडी बनाने के मामले में गिरफ्तार मास्टरमाइंड अरमान मलिक मप्र के हरदा का रहने वाला है। अरमान ने आयोग के दिल्ली कार्यालय के 2 संविदा कर्मचारियों से साठगांठ कर लॉगिन आईडी पासवर्ड हासिल किया था। गिरोह इसी आईडी पासवर्ड के जरिये फर्जी कार्ड बना रहा था।
अरमान ने उत्तरप्रदेश की सहारनपुर पुलिस को पूछताछ में बताया कि मुरैना के अम्बाह निवासी कम्प्यूटर ऑपरेटर हरिओम संखवार ने मप्र में भी कई लोगों के वोटर आईडी बनाये हैं। अधिकतर वोटर आईडी मुरैना के अलावा उसके आसपास इलाके के लोगों के बनाये गये हैं। अरमान यह नहीं बता सका है कि हरिओम ने कितने कार्ड एमपी के लोगों के बनाये गये हैं।

गड़बड़ी की होगी तभी हुआ गायब
अंबाह थाना प्रभारी योगेन्द्र जादौन ने आशंका जताई कि हरिओम ने स्थानीय स्तर पर भी जाली कार्ड बनाए होंगे। यही वजह कि यूपी पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही वह फोन बंद कर फरार हो गया। हरिओम कम्प्यूटर जॉब वर्क की दुकान भी खोली है। वह वोटर आईडी, आधार कार्ड, समेत अन्य दस्तावेज बनाता था।

जरूरत पड़ी तो केस दर्ज करेंगे
अंबाह के थाना प्रभारी योगेन्द्र जादौन ने बताया कि हरिओम से जुड़े तीन-चार लोगों को थाना बुलाकर पूछताछ की गई है। इनसे अभी ऐसी कोई जानकारी, साक्ष्य हासिल नहीं हुए कि अपराध कायम किया जा सके। जैसे ही कोई साक्ष्य पुलिस के हाथ लगेंगे उस पर अपराध कायम कर जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *