जानिए क्या है 100 लाख करोड़ का नेशनल इंफ्रास्ट्रक्चर प्लान? लालकिले से जिसका पीएम मोदी ने किया जिक्र
नई दिल्ली. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से जो भाषण दिया उसमें उन्होंने 100 लाख करोड़ रुपए के नेशनल इंफ्रास्ट्रक्चर प्लान का जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह योजना देश के विकास के लिए अहम साबित होगी.
क्या है नेशनल इंफ्रास्ट्रक्चर प्लान
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 1 फरवरी 2021 को पेश किए बजट में नेशनल इंफ्रास्ट्रक्चर प्लान के बारे में जानकारी दी थी। इस प्लान के तहत साल 2025 तक देशभर में 6835 प्रोजेक्ट लॉन्च किए जाएंगे जिसमें बाद में 217 अन्य प्रोजेक्ट को भी एड कर दिया गया और अब इस योजना के तहत अगले चार सालों में करीब 111 लाख करोड़ रुपए के कुल 7400 प्रोजेक्ट पूरे किए जाएंगे।
इस प्लान के तहत सरकार देश के विभिन्न इलाकों में नई सड़कें, रेल लिंक और अन्य सामाजिक और आर्थिक इंफ्रास्ट्रक्चर बनाएगी. जिससे देश में निवेश को बढ़ावा मिलेगा और देश की अर्थव्यवस्था को 5 ट्रिलियन डॉलर के लक्ष्य तक पहुंचाने में मदद मिलेगी. नेशनल इंफ्रास्ट्रक्चर प्लान के तहत केंद्र सरकार 39 फीसदी, राज्य सरकारें 40 फीसदी और निजी क्षेत्र 21 फीसदी फंड का इंतजाम करेंगी. सरकार एनआईपी के तहत ऊर्जा, सामाजिक, कमर्शियल इंफ्रास्ट्रक्चर, कम्यूनिकेशन, पानी और सफाई संबंधी प्रोजेक्ट का काम करेगी.
इन क्षेत्रों में बेहतर किया जाएगा बुनियादी ढांचा
यह अनुमान लगाया गया है कि वित्त वर्ष 2020 से 2025 के दौरान ऊर्जा सेक्टर में 24 प्रतिशत, सड़कों में 18 प्रतिशत, शहरों के विकास में 17 प्रतिशत और रेलवे के विकास में 12 प्रतिशत इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास किया जाएगा, जो कि कुल बुनियादी ढांचे का 71 प्रतिशत है. कुल 111 लाख करोड़ के इंफ्रास्ट्रक्चर प्लान में से 40 फीसदी यानि कि करीब 44 लाख करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है. 30 प्रतिशत यानि कि 34 लाख करोड़ के प्रोजेक्ट का प्लान बन गया है और जल्द ही उन पर भी काम शुरू होगा. बाकी 20 फीसदी यानि कि 22 लाख करोड़ के प्रोजेक्ट की योजना पर भी काम चल रहा है. वहीं बाकी बचे 10 फीसदी यानि कि 11 लाख करोड़ के प्रोजेक्ट्स के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है और माना जा रहा है कि निकट भविष्य में उन पर भी काम होगा.
रिपोर्ट में कहा गया है कि देश में बढ़ते शहरीकरण, ऊर्जा और आर्थिक जरूरतों को देखते हुए देश के मौजूदा इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए चुनौती बढ़ रही है. एक बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर देश के विकास को गति देता है. सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को 2025 तक 5 ट्रिलियन डॉलर करने का लक्ष्य रखा है. ऐसे में नेशनल इंफ्रास्ट्रक्चर प्लान इस लक्ष्य को पाने के लिए बेहद अहम होने वाला है.
