स्वाधीनता की 74वीं वर्षगाँठ प्रभारी मंत्री ने मुख्य समारोह में किया ध्वजारोहण
ग्वालियर स्वाधीनता की 74वीं वर्षगाँठ हर्षोल्लास और गरिमामय ढंग से मनाई गई। एसएएफ मैदान पर आयोजित हुए जिले के मुख्य समारोह में जल संसाधन मंत्री एवं प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने ध्वजारोहण कर भव्य परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया।
प्रात: ठीक 9 बजे शुरू हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री ने ध्वजारोहण के पश्चात एक खुले वाहन में सवार होकर संयुक्त परेड का निरीक्षण किया। मुख्य अतिथि के साथ कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह व पुलिस अधीक्षक अमित सांघी खुले वाहन पर सवार थे। परेड में शामिल जवानों ने तीन बार हर्ष फायर कर “स्वतंत्रता दिवस अमर रहे” के जयकारे लगाए। प्रभारी मंत्री ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनायें देते हुए खुले आसमान में रंग बिरंगे गुब्बारे छोड़े।
सीमा सुरक्षा बल एवं एसएएफ. द्वितीय वाहिनी के बैण्ड की मधुर धुन के साथ निकली संयुक्त परेड सभी के लिए आकर्षण का केन्द्र रही। संयुक्त परेड में बीएसएफ. टेकनपुर, सीआरपीएफ, द्वितीय वाहिनी एसएएफ., 13वीं व 14वीं वाहिनी एसएएफ, जिला पुलिस बल एवं नगर सेना की टुकडियां शामिल हुई। संयुक्त परेड के परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक रणजीत सिंह व सहायक परेड कमांडर का दायित्व सूबेदार सुश्री सोनम पाराशर ने निभाया। बीएसएफ बैंड का नेतृत्व एसआई श्री के. डेनियल और द्वितीय वाहिनी एसएएफ के बैंड का नेतृत्व प्रधान आरक्षक रामसेवक दिसौरिया ने किया। आकर्षक परेड की सलामी लेने के पश्चात मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री ने सभी परेड कमाण्डरों से परिचय प्राप्त किया और सभी को कुशल नेतृत्व के लिए बधाई दी।
बीएसएफ के श्वान दस्ते ने दिखाए हैरतअंगेज करतब
एसएएफ मैदान पर स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हुए गरिमामयी समारोह में मौजूद नागरिकों को सीमा सुरक्षा बल के श्वान दस्ते द्वारा किए गए हैरतअंगेज करतबों ने सभी को भीतर तक प्रभावित किया। अपराधियों से निपटना हो अथवा फिर तस्करों की पहचान या फिर कठिन बाधाओं के बीच से होकर गुजरना हो। राष्ट्रीय श्वान दस्ते ने सभी बाधाओं को फतह करने का जीवंत प्रदर्शन करके दिखाया। साथ ही भारतीय योग विधा और स्वच्छता अभियान पर केन्द्रित प्रेरणादायी करतबों का प्रदर्शन श्वान दस्ते ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में मौजूद गणमान्य नागरिकों व बच्चों ने करतल ध्वनि के साथ श्वान दस्ते का उत्साहवर्धन किया।
संभागायुक्त ने मोतीमहल में किया ध्वजारोहण
ग्वालियर संभाग के आयुक्त आशीष सक्सेना ने मोतीमहल प्रांगण में ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के साथ उपस्थित सभी अधिकारी-कर्मचारियों ने सामूहिक राष्ट्रगान गाया और भारत माता की जय एवं स्वतंत्रता दिवस अमर रहे के नारे भी लगाये। इस अवसर पर आयुक्त ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभ कामनायें दी।
कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट में फहराया राष्ट्रीय ध्वज, जगह-जगह लहराया तिरंगा
ओहदपुर की सुरम्य पहाड़ियों पर बने कलेक्ट्रेट भवन पर स्वाधीनता दिवस की 74 वी वर्षगाँठ पर कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट के अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि हम सब बेहतर ढंग से नागरिक सेवाएं देकर ऐसा मानक स्थापित करें, जो अन्य संस्थानों के लिए प्रेरणादायी हो। इस आयोजन में अपर कलेक्टर आशीष तिवारी सहित जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
