जीवाजी विश्वविद्यालय के लिए नए कुलपति की तलाश, सेटिंग में जुटे प्रोफेसर

ग्वालियर. राजभवन ने जीवाजी विश्वविद्यालय के लिए नए कुलपति की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत विज्ञापन जारी कर योग्यता रखने वाले प्रोफेसरों से 2 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन मांगे गए है। उन्हीं के आवेदन मान्य किए जाएंगे जिनका विश्वविद्यालय प्रोफसर के पद पर कम से कम 10 वर्ष का अनुभव हो और बेदाग कॅरियर रहा है।
राजभवन से कुलपति चयन का विज्ञापन निकलते ही जेयू सहित प्रदेश व देश के अन्य विश्वविद्यालयों के तमाम प्रोफेसरों ने वीसी बनने के लिए फील्डिंग जमाना शुरू कर दी है इसके अलावा सरकारी महाविद्यालयों के भी कई सीनियर प्रोफेसर है जो कुलपति की दौड़ में शामिल हो गए है। रीवा यूनिवर्सिटी में कुलपति के पद पर महात्मा गांधी पीजी कॉलेज करेली नरसिंहपुर के प्रोफेसर डॉ. राजकुमार आचार्य की नियुक्ति हुई है इसलिए कॉलेज के प्रोफेसरों के पास आधार है।
नियोक्ता कार्यालय प्रमुख की अनुमति जरूरी
जानकारी के अनुसार जिन प्रोफेसरों की राजनीतिक एप्रोच है उन्होंने कुलपति पद पर नियुक्ति कराने के लिए हर तरह से प्रयास शुरू कर दिया है। विज्ञापन में स्पष्ट लिखा है कि आवेदन में साथ अभ्यर्थियों को अपने नियोक्ता कार्यालय प्रमुख से इस आशय का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा कि उसके विरुद्ध किसी भी तरह की विभागीय जांच लंबित नहीं है। बता दें कि जेयू की मौजूदा कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला का कार्यकाल नवंबर माह में पूरा होगा इससे पहले राजभवन द्वारा नए कुलपति का चयन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *