एमपी में कोरोना के 182 मामले, इकबाल सिंह बैस क्वारंटाइन, स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख सचिव पल्लवी जैन सहित 2 अधिकारी संक्रमित
भोपाल. मप्र में कोरोना वायरस के संक्रमित मरीजों की संख्या 182 हो गयी है। भोपाल में शनिवार की देर शाम 3 और कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख सचिव पल्लवी जैन गोविल और अपर संचालक स्वास्थ्य डॉ. वीणा सिन्हा भी शामिल है। तीसरा संक्रमित करोंद सब्जी मण्डी का थोक व्यापारी हैं। राज्य में महामारी की चपेट में आये 11 लोगों की अब तक मौत हो चुकी हैं। सबसे अधिक प्रभावित इन्दौर में शनिवार को दो संक्रमितों ने दम तोड़ा। शहर में कोरोना से मरने वालों की संख्या 7 हो गयी है। जबकि, छिंदवाड़ा में भी इन्दौर से आये 36 वर्ष के युवक की जान गयी।
शुक्रवार को आईएएस अधिकारी और हेल्थ कॉर्पोरेशन के एमडी जेण् विजय कुमार की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। इसके बाद प्रदेश के कोरोना कोर ग्रुप के 12 आईएएस अधिकारी होम क्वारैंटाइन हो गए। अब हेल्थ डिपार्टमेंट की 2 और अफसरों में संक्रमण की पुष्टि होने से उनके संपर्क में आए लोगों की सूची तैयार की जा रही है। पल्लवी जैन और वीणा सिन्हा को भोपाल एम्स में भर्ती कराने के बाद उनके परिवार के सदस्यों को होम क्वारैंटाइन कर दिया गया है। हेल्थ डिपार्टमेंट के करीब 150 अधिकारी.कर्मचारियों की निगरानी की जा रही है।
इन अधिकारियों ने खुद को क्वारैंटाइन किया
मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव फैज अहमद किदवई ने खुद को लेक व्यू अशोका होटल में क्वारैंटाइन किया। कलेक्टर निशांत बरवड़े, एस धनराजू, सुदाम पी खाड़े प्रशासन अकादमी के गेस्ट हाउस में चले गए हैं। इनके परिवार घर पर क्वारैंटाइन हैं। सभी अफसरों ने परिवार से फिलहाल दूरी बनाई है। प्रतीक हजेला भी घर पर हैं। मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस ने भी खुद को क्वारैंटाइन कर लिया है।
