कोरोना के संक्रमण की रोकथाम के लिये संभाग आयुक्त एवं एडीजी ने की व्यवस्थाओं की समीक्षा

ग्वालियर नोवेल कोरोना के संक्रमण की रोकथाम के लिये सभी आवश्यक व्यवस्थायें चाक.चौबंद रखी जाएं। चिकित्सीय सुविधाओं के साथ.साथ आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति भी बहाल रहे। आम लोगों को कोरोना संक्रमण से बचने हेतु सावधानी बरतने का आग्रह निरंतर किया जाए। दूसरे शहरों से ग्वालियर आए श्रमिकों एवं अन्य लोगों को ठहरने एवं भोजन की व्यवस्था भी कराई जाए। इसके साथ ही उनका स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया जाए।
एडीजी राजाबाबू सिंह ने भी सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर रखने के साथ.साथ अन्य व्यवस्थाओं को भी चाक.चौबंद रखा जाए। लॉकडाउन के दौरान अनावश्यक रूप से कोई भी व्यक्ति घर से बाहर न निकले, इस पर सतत निगरानी की जाए। आवश्यक सेवाओं की पूर्ति लोगों को आसानी से होए इसका भी ध्यान रखा जाए। ज्यादा से ज्यादा वस्तुएं होम डिलेवरी के माध्यम से लोगों के घरों तक पहुँचे, इसके लिये विभिन्न दुकानदारों एवं संस्थाओं को चिन्हित कर उनके नम्बर सार्वजनिक किए जाएं ताकि अधिक से अधिक लोग होम डिलेवरी के माध्यम से वस्तुओं को घर पर ही प्राप्त कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि जिले का मेडीकल प्लान तैयार किया जाकर कंट्रोल कमाण्ड सेंटर में प्रदर्शित किया जाए।
बैठक में कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने जिले में की जा रही व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निजी चिकित्सालयों, होटलों और मैरिज गार्डनों को भी चिन्हित किया गया है। भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर इनका उपयोग किया जायेगा। कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिये हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। जिले में इंसीडेंट कमाण्डर्स के माध्यम से क्षेत्र में निरंतर मॉनीटरिंग की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन ने भी बैठक में कानून व्यवस्था और लॉकडाउन के दौरान पुलिस के माध्यम से की जा रही व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दो दिन का पूरी तरह से लॉकडाउन किया गया है। लॉकडाउन का पालन भी सुनिश्चित किया गया है। पुलिस के माध्यम से निरंतर मॉनीटरिंग की जा रही है। आवश्यक वस्तुओं की सेवायें लोगों को उपलब्ध हों, यह भी सुनिश्चित किया गया है।
नागरिकों से घर में रहने की अपील
संभागीय आयुक्त एमबी ओझा एवं एडीजी राजाबाबू सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि कोरोना वायरस को हराने के लिये सभी का सहयोग जरूरी है। नागरिक घर पर ही रहें। अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें।
32 युवा चिकित्सकों ने संभाली कमान
नोवेल कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिये स्वास्थ्य विभाग के साथ.साथ 32 युवा चिकित्सकों ने भी कंट्रोल कमाण्ड सेंटर में आकर अपनी सेवायें देने का कार्य प्रारंभ किया है। ग्वालियर में एमबीबीएस पूर्ण करने के पश्चात 32 युवा महिला एवं पुरूष चिकित्सकों ने अपनी सेवायें देना प्रारंभ किया है। कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह एवं पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन ने युवा चिकित्सकों से चर्चा की और उनके द्वारा सेवायें देने पर उन्हें बधाई दी।
एमबीबीएस करने के पश्चात प्रशिक्षण के तौर पर इन चिकित्सकों द्वारा कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिये जिले में किए जा रहे कार्यों में योगदान दिया जा रहा है। कंट्रोल कमाण्ड सेंटर के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं के लिये किए जा रहे कार्य में ये सभी युवा सहभागी बने हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *