दालबाजार में मची अफरा-तफरी के बाद आज सुबह पुलिस अधिकारी सतर्क नजर आए

ग्वालियर. लॉकडाउन के चलते आमजन को जरूरत के सामान के लिए परेशान नहीं होना पड़े इसे देखते हुए प्रशासन ने बड़ी राहत दी है। सुबह 6 से दोपहर 12 बजे तक दूध, किराना, सब्जी और फलों की दुकानें खोलने का फरमान दिया है। दाल बाजार में बीते रोज मची अफरा-तफरी के बाद आज सुबह से ही पुलिस अधिकारी सतर्क नजर आए और उन्हीं कारोबारियों को दाल बाजार में जाने दिया जो थोक में दुकान से बेचने के लिए किराने का सामान लेने आए थे। फुटकर में किराना लेने वालों को यह कहते हुए वापस कर दिया कि अपने आसपास की दुकानों से ही खरीदारी करें।
दाल बाजार में उन्हीं को प्रवेश जो दुकानों से सामान बेचते है
दाल बाजार में थोक किराने का कारोबार होता है और बीते रोज सैकड़ों लोगों की भीड़ लगने से प्रशासन परेशान हो गया था जिसके चलते व्यापारी और प्रशासन के बीच बैठक हुई जिसमें तय किया गया कि दाल बाजार में सिर्फ उन्हीं को प्रवेश मिलेगा जो दुकानों से सामान बेचते है। जो कारोबारी लोडिंग, ऑटो व अन्य वाहन लेकर आए उन्हें तो प्रवेश मिल गया जो लोग दुपहिया वाहन से खेरिज में किराना लेने पहुंचे उन्हें पुलिस ने इंदरगंज चौराहे से ही वापस कर दिया।
वाहनों को नहीं हटाने पर पुलिस ने कार्रवाई की
व्यापारियों से पुलिस ने सुबह ही आग्रह किया था कि वह दुकानों के बाहर भीड़ न लगाए और डिस्टेंस बनाकर रखें जिससे लोग पास-पास में खड़े न हो सकें। व्यापारियों द्वारा दुकानों के बाहर गोले बनाए गए थे इसके बाद भी कई लोग दुकानों के पास एकत्रित हो गए। पुलिस ने जब दुकानों पर भीड़ देखी तो समझाइश दी और पास-पास खड़े वाहनों को डंडे के बल पर हटवा दिया और जो लोग वाहनों को नहीं हटा रहे है पुलिस ने उन पर कार्रवाई की।
दाल बाजार में 50 जवानों के साथ 3 अधिकारी व्यवस्था संभाले रहे
दाल बाजार के अंदर भीड़ न जुट सके इसके लिए 50 जवानों को तैनात किया गया है और तीन अधिकारी व्यवस्था संभाले हुए है। आज सुबह 5.30 बजे से पुलिस लाइन से जवान दाल बाजार पहुंच गए थे इसके साथ ही ट्रैफिक डीएसपी नरेश अन्नोटिया, सीएसपी झांसी रोड़, कोतवाली थाना प्रभारी और इंदरगंज थाना प्रभारी भी तैनात थे। दाल बाजार में प्रवेश इंदरगंज चौराहे से दिया जा रहा था और वापसी नया बाजार चौराहे से की जा रही थी। गलियों से लोग निकलकर दाल बाजार न पहुंच पाएं इसके लिए हर गली में दो सिपाही थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *