प्रशासन ने जारी किए आदेश, आज शहर में 6 घंटे खरीद सकेंगे सामान
ग्वालियर. कर्फ्यू हटने के बाद अब 21 दिन के लॉकडाउन की स्थिति में गुरूवार से जरूरी चीजों के लिए 6 घंटे की छूट दी गई। सुबह 6 बजे से लेकर दोपहर 12 बजे तक यह छूट रहेगी जिसमें शर्त यह रहेगी कि एक आदमी एक बार में ही खरीदारी करके तुरंत घर में प्रवेश करेगा। दुकान पर किसी भी तरह की भीड़ नहीं जुटने दी जाएगी ऐसी स्थिति में पुलिस धारा-188 के तहत कार्रवाई करेगी। वहीं सब्जीमंडी को लेकर आमजन को जाने की अनुमति नहीं रहेगी सिर्फ ठेलों और छोटी छोटी दुकानों पर सब्जी बेचने वाले ही सब्जी मंडी से सब्जी ले सकेंगे।
रात को सब्जी मंडी में भीड़ को नियंत्रित करने लाइनिंग की
सब्जी मंडियों में भीड़ को देखते हुए पुलिस एक्शन मोड़ में आ गई है। सीएसपी रवि भदौरिया के नेतृत्व में बुधवार रात को बिरला नगर सब्जी मंडी और हजीरा सब्जी मंडी में भीड़ को नियंत्रित करने लाइनिंग की गई है।
पेट्रोल पंप और बैंक लॉकडाउन में खुलेंगे
21 दिन के लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया जाएगा। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह का कहना है कि 6 घंटे के लिए छूट दी गई है जिसमें लोग आवश्यक वस्तुएं ले सकते है। कालाबाजारी करने वालों के लिए अधिकारियों को लगाया है। वहीं कोरोना को लेकर जारी हेल्पलाइन नंबरों पर लोग तत्काल सूचना दें। पेट्रोल पंप और बैंक लॉकडाउन में खुलेंगे।
