हवाई सेवा में ग्वालियर अब बड़ी उड़ान भरेगा, एयरटर्मिनल के लिए केंद्रीय उडडयन मंत्री ने 50 करोड़ स्वीकृत किए
ग्वालियर. हवाई सेवा में ग्वालियर अब बड़ी उड़ान भरेगा, जिस नए एयर टर्मिनल को लेकर तैयारी चल रही है उसके लिए गुरूवार को केंद्रीय उडडयन मंत्री हरदीप पुरी ने 50 करोड़ स्वीकृत कर दिए वहीं ग्वालियर से मुंबई के लिए सप्ताह में तीन दिन हवाई सेवा शुरू होगी इसके आदेश भी जारी किए है। मुंबई के बाद पुणे के लिए भी हवाई सेवा जल्द शुरू होगी।
पुणे के लिए भी हवाई सेवा जल्द शुरू
गुरूवार को ही ज्योतिरादित्य सिंधिया ने केंद्रीय उडडयन मंत्री से मुलाकात की थी जिस दौरान विभाग के अधिकारियों को बुलाकर बजट और नई हवाई सेवा दिए जाने का त्वरित निराकरण हुआ। इस मामले में सिंधिया ने केंद्रीय मंत्री को पत्र लिखे थे वहीं सांसद विवेक शेजवलकर ने मुंबई और पुणे के लिए हवाई सेवा शुरू किए जाने को लेकर भी केंद्रीय मंत्री को पत्र लिखे थे।
आलू अनुसंधान केंद्र की 50 एकड़ जमीन भी टर्मिनल के लिए लिया जाना प्रस्तावित
ग्वालियर में नए एयर टर्मिनल को लेकर पिछले कुछ समय से तैयारी चल रही है यहां एयरफोर्स स्टेशन होने के कारण नया एयरपोर्ट संभव नहीं है इसी कारण मौजूदा एयरपोर्ट के ही विस्तार की योजना बनाई गई। इसको लेकर सांसद शेजवलकर, जिला प्रशासन, एयरपोर्ट अफसर और एयरफोर्स की बैठक भी हुई। इसमें नए एयर टर्मिनल, हवाई सेवाओं के विस्तार और नाइट ऑपरेशन के लिए चर्चा हुई। वहीं आलू अनुसंधान केंद्र की 50 एकड़ जमीन भी टर्मिनल के लिए लिया जाना प्रस्तावित है। बजट को लेकर प्रयास किए जा रहे थे और अब 50 करोड़ की स्वीकृति मिलने से एयर टर्मिनल प्रोजेक्ट गति पकड़ेगा।
