देर रात गृहमंत्री अमित शाह के यहां दिग्गज नेताओं ने मप्र के सीएम पर विचार किया

भोपाल. मध्यप्रदेश में नई सरकार के गठन का रास्ता तो साफ हो गया है लेकिन भाजपा जल्दबाजी में नहीं है। मध्यप्रदेश में नेतृत्व के मुद्दे पर अब सारी कवायद दिल्ली में हो रही है। दिन में जहां केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर के निवास पर बैठकों का दौर चला वहीं देर रात केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के यहां दिग्गज नेताओं ने विचार किया। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को मप्र की कमान सौंपने पर चर्चा हुई उनके साथ विकल्प के रूप में केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर के नाम पर भी विचार किया गया।
शिवराज की ताजपोशी पर पार्टी नेता एकमत
मप्र में भाजपा सरकार बनाने का श्रेय ज्योतिरादित्य सिंधिया को जाता है इसलिए पार्टी नेताओं का सारा फोकस भी सिंधिया के साथ समन्वय के फार्मूले पर केंद्रित रहा। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की ताजपोशी पर पार्टी नेता एकमत है लेकिन सिंधिया के राज्यसभा सदस्य बनाए जाने के बाद जो समीकरण बनेंगे उसे लेकर पार्टी नए विकल्प पर भी विचार कर रही है। ऐसे हालात में सिंधिया को मोदी कैबिनेट में शामिल करना अनिवार्य होगा तब तोमर के साथ चंबल ग्वालियर इलाके से दो केंद्रीय मंत्री हो जाएंगे। इसका हल निकालने के लिए देर रात तक दिग्गजों ने मंथन किया। अंतिम फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सहमति से होगा।
शिवराज के निवास पर विधायकों का जमावड़ा लगा रहा
पार्टी सूत्रों के अनुसार नई सरकार के गठन को लेकर भाजपा विधायक दल की बैठक पहले शुक्रवार को भोपाल में होने की संभावना थी लेकिन निर्णय न हो पाने के कारण शनिवार या सोमवार को होने की संभावना है। इधर शिवराज सिंह चौहान के निवास पर विधायकों का जमावड़ा लगा रहा वहीं चौहान द्वारा दिया जाने वाला रात्रिभोज कोरोना के चलते रद्द कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *