पेट्रोल पंप की लूट में उपयोग मोटरसाईकिल बदनापुरा में सड़क किनारे खड़ी मिली
ग्वालियर. मोटरसाईकिल सवार 3 बदमाशों हाईअलर्ट के दौरान पेट्रोल पम्प मैनेजर के सिर पर पिस्टल के बट से हमला कर नगदी 2.25 लाख रूपये से भरा बैग लूटकर भागे लुटेरों का आधा अधूरा रूट मैप पुलिस के हाथ लगा है। मंगलवार को लूट में उपयोग की सफेद रंग की मोटर साईकिल अपाचे बदनापुरा के पास सड़क किनारे खड़ी मिली है। पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया है। बदनापुरा में बदमाशों ने वाहन बदला है, लेकिन यहां से वह दो पहिया या चार पहिया वाहन किसमें सवार होकर भागे हैं। यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है और साथ ही बदनापुरा के आगे भी कोई सीसीटीवी फुटेज नहीं मिल रहे हैं। मुरैना टोल प्लाजा पर भी बदमाशों के फुटेज अभी तक नहीं मिल पाये है। अब पुलिस भटक रही है कि यहां मोटरसाईकिल छोड़ना कहीं पुलिस को भटकाना तो नहीं है।
पटसेडिया सीएनजी पेट्रोल पम्प पर की थी लूट
ग्वालियर के पुरानी छावनी के निरावली में किरण पटसेडिया का पटसेडिया सीएनजी एंड पेट्रोल फिलिंग स्टेशन के नाम से पंप है। यहां पर नौ महला घाटमपुरा निवासी विनोद पलैया बतौर मुनीम और मैनेजर का काम संभालते हैं। 25 जनवरी की सुबह 10.10 बजे के करीब सफेद रंग की अपाचे मोटरसाईकिल पर सवार 3 बदमाशों ने पेट्रोल पम्प पर पहुंचकर मुनीम के सिर पर पिस्टल के बट मार कर हमला किया और हवाई फायर कर दहशत फैलाई। इसके बाद 2.25 लाख रूपये नगदी भरा बैग लूटकर भाग गये थे । हाईअलर्ट के दौरान लूट की घटना की खबर मिलते ही एसपी अमित सांघी स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे थे और तत्काल बदमाशों की घेराबंदी के निर्देश दिये थे।
बदनापुरा में सड़के किनारे खडी मिली अपाचे मोटरसाईकिल
लूट की घटना के बाद से ही पुलिस ने हाइवे से लेकर शहर में नाकाबंदी करने के साथ ही बॉर्डर से लगे उन इलाकों में कड़ी चैकिंग लगाई गयी थी। जहां से बदमाश भाग सकते हैं, इसी दौरान मंगलवार को पुलिस को एक मोटरसाईकिल अपाचे बदनापुर के पास संदिग्ध हालत में खड़ी होने की खबर मिली थी। इसका पता चलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो यहां पर सफेद रंग की अपाचे बाइक खड़ी मिली है। यह वहीं मोटरसाईकिल है जिस पर सवार होकर तीनों बदमाश आये थे। पुलिस ने मोटरसाईकिल को निगरानी में ले लिया है।
लुटेरे जल्द पुलिस की पकड़ में होगें
एसपी अमित सांघी ने बताया है कि पुलिस की अलग अलग टीमें मामले की जांच में जुटी हुई है पुलिस द्वारा बरामद की मोटरसाईकिल की डिटेल आरटीओ कार्यालय से मांगी गयी है।

