ग्वालियर में वेतन व नियमित करने के आश्वासन पर माने सफाई कर्मचारी, हड़ताल स्थगित, 10 दिन का दिया अल्टीमेटम
ग्वालियर. पिछले 6 दिनों से जारी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल कलेक्टर ग्वालियर के आश्वासन के बाद स्थगित कर दी गई है। वेतन और नियमितीकरण के लिखित आश्वासन पर सफाई कर्मचारी राजी हुए। इससे पहले बुधवार को भी शहर की सड़कों से कचरा नहीं उठा। फूलबाग पर सफाई कर्मचारी एकत्रित होकर धरना प्रदर्शन कर रहे थे। सीएम द्वारा मामले में नगर आयुक्त पर कार्रवाई के बाद भी सफाई कर्मचारी नहीं मान रहे थे पर बुधवार दोपहर कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह भी सफाई कर्मचारियों को मनाने फूलबाग धरना स्थल पहुंचे। सफाईकर्मियों ने मांगें पूरी तरह मानने के लिए 10 दिन का अल्टीमेटम दिया है। अगर इस बीच मांगें नहीं मानी गईं तो प्रदर्शन फिर शुरू कर दिया जाएगा।
क्या है मामला
नगर निगम में ठेके पर लगे करीब 1500 से अधिक सफाई कर्मचारी समय पर वेतन न मिलने और विभिन्न 9 सूत्रीय मांगों को लेकर साल 2021 के पहले दिन से हड़ताल पर हैं। सफाई कर्मचारियों का तीन महीने तक का वेतन नगर निगम ने नहीं दिया है। इस कारण सफाई कर्मचारी परेशान हैं।
ऐसे हुए थे सीएम नाराज
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच 4 जनवरी को सीएम शिवराज सिंह कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस ले रहे थे। दोपहर ग्वालियर का टर्न आया तो पहले वह नगर निगम कमिश्नर संदीप माकिन पर बिगड़ पड़े। उनका कहना था कि शहर में सफाई करने वाले ही सड़क पर कचरा फैला रहे हैं। उनको वेतन नहीं मिल रहा। आप नगर निगम कमिश्नर हो अब यह सहन नहीं होगा। शाम को नगर निगम आयुक्त संदीप माकिन के तबादला आदेश भी आ गए।

