ऊर्जामंत्री प्रद्युम्नसिंह तोमर की सोशल मीडिया पर की गयी पोस्ट से मचा हड़कंप, आपसे क्षमा चाहता हूं आपके बीच उपस्थित होने में असमर्थ हूं
ग्वालियर. ऊर्जामंत्री प्रद्युम्नसिंह तोमर की सोशल मीडिया पर एक पोस्ट ने हड़कम्प मचा दिया। इसमें वह लिख रहे हैं कि मैं निजी व अपरिहार्य कारणों से 4 से 10 जनवरी तक फोन व आपके बीच उपस्थित होने में असमर्थ हूं, जिसके लिये क्षमाप्रार्थी हूं। आपके मेरी भावनाओं को समझ सकते है। यह पोस्ट देखने के बाद शहर में कयास शुरू हो गये कि आखिर हुआ क्या हे। अक्सर लोगों के बीच रहने वाले ऊर्जामंत्री ने ऐसा मैसेज क्यों किया है। पोस्ट के अंत में लिखे कुछ नम्बर पर कॉल करने केबाद पता लगा कि ऊर्जामंत्री अगले 7 दिन तक विभाग की समीक्षा में व्यस्त हैं और इसी वजह से वह लोगों से दूर है। इसके बाद शहर के लोगों की जान में जान आयी।
सोशल मीडिया पर पोस्ट हुआ वायरल
मंगलवार की सुबह सोशल मीडिया पर मप्र के ऊर्जामंत्री का एक पोस्ट काफी वायरल हो गया और साथ ही शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। इसमें ऊर्जामंत्री ने 10 जनवरी तक लोगों से न मिल पाने के लिये क्षमा मांगी है। इसके बाद शहर में चर्चा शुरू हो गयी है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि ऊर्जामंत्री ने पब्लिक से दूरियां बना ली। पोस्ट के साथ कुछ मोबाइल नम्बर भोपाल और ग्वालियर के लोगों के लिये उसमें दिये थे। जिन पर किसी भी तरह की मदद के लिये कॉल कर सकते हैं। इन नम्बर पर कॉल कर पता कि ऊर्जामंत्री सकुशल है और सरकारी काम में व्यस्त होने के चलते वह नहीं मिल सकेंगे।
समीक्षा बैठक में व्यस्त है
बात करने पर ऊर्जामंत्री के निज सहायक मृगेन्द्रसिंह ने बताया कि ऊर्जा विभाग की समीक्षा और कैबिनेट की बैठक के चलते वह कुछ दिन तक व्यस्त रहेंगे। उनको आम जनता से काफी फोन आते हैं। इसलिये उनको यह दूरी बनानी पड़ी है और साथ ही नया आदेश है कि किसी का कोई काम नहीं रूकना चाहिये ।

