एलओसी के पास झाडि़यों में रखे दो पिस्टल, 70 कारतूस व ग्रेनेड बरामद, धार्मिक स्थल निशाने पर थे

जम्मू कश्मीर. जम्मू कश्मीर पुलिस और सेना ने मेंढर सब डिवीजन में बालाकोट सेक्टर के डब्बी गांव में एलओसी के पास झाडि़यों में रखे दो पिस्टल, 70 कारतूस और ग्रेनेड बरामद किए। हथियार और गोला-बारूद पाकिस्तानी हैंडलर्स के इशारे पर रखे गए थे। रविवार को गिरफ्तार किए गए आतंकियों के तीन मददगारों के खुलासो पर ये हथियार बरामद किए गए।
एसएसपी पुंछ ने कहा कि गिरफ्तार किए गए आतंकियों के मददगार यासीन खान से पूछताछ के दौरान उसने कबूलनामे में कुछ महत्वपूर्ण सुराग दिए जिसके बाद पुलिस के एक दल ने अभियान चलाया। पुलिस ने झाडि़यों में पॉलिथीन बैग में रखे हथियारों और गोला-बारूद की एक खेप बरामद की। उन्होंने कहा कि दो पिस्टल, 70 कारतूस और दो हथगोले अब तक बरामद किए गए है। आतंकवादी संगठन पुंछ के धार्मिक स्थानों को निशाना बनाने की कोशिश कर रहे थे लेकिन उनके नापाक मंसूबों को सेना और पुलिस ने नाकाम कर दिया।
सैटेलाइट फोन पर इंटरसेप्ट हुई बातचीत
आतंकी घुसपैठ के लिहाज से संवेदनशील सांबा जिले में तीन दिनों के भीतर दूसरी बार सैटेलाइट फोन पर बातचीत इंटरसेप्ट हुई है। इसकी सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों ने साम्बा और उससे सटे इलाकों में व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान चलाया। रक्षा जानकारों ने बताया कि सैटेलाइट फोन की लोकेशन चिलाडंगा, दडूई और सरना के जंगलों के आसपास थी। सोमवार देर शाम को सैटेलाइट फोन की लोकेशन का पता चला इस पर सेना, एसओजी और पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाश अभियान चलाया। मंगलवार सुबह से शुरू हुआ अभियान बुधवार दोपहर तक जारी रहा लेकिन संदिग्धों का कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया। इससे पहले सांबा सेक्टर के चलियाड़ी गांव में वॉकी टॉकी फोन पर संदिग्धों की बातचीत इंटरसेप्ट की गई थी जिससे सुरक्षाबलों को आशंका है कि साम्बा इलाके में आतंकियों के मददगार मोजूद है जो लगातार अपने पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में है। साम्बा सेक्टर में सैटेलाइट फोन का इस्तेमाल होने आतंकी घुसपैठ की आशंका को बल देता है जिसे लेकर सेना, सीआरपीएफ, जम्मू कश्मीर पुलिस और बीएसएफ अलर्ट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *