सिंधिया के नजदीकी अंकुर मोदी को रातों रात हटाया, राजीव शर्मा बनाये गये अतिरिक्त महाधिवक्ता
ग्वालियर. राजनैतिक उठापटक के दौरान हाईकोर्ट की ग्वालियर बेंच में अतिरिक्त महाधिवक्ता को बदल दिया गया है। ज्योतिरादित्य सिंधिया के नजदीकी माने जाने वाले अंकुर मोदी को हटाकर राजीव शर्मा को अतिरिक्त महाधिवक्ता बनाया गया है। इसके साथ ही हाईकोर्ट में ईओडब्ल्यू के विशेष अभियोजक का दायित्व संभाग रहे सुशील चतुर्वेदी को उप महाधिवक्ता नियुक्त किया गया है।
श्रविवार को जारी सूची के अनुसार 11 सरकारी वकीलों को हटाकर उनकी जगह 8 नई नियुक्तियां की गयी है। जिन सरकारी अभिभाषकों को हटाया गया है, उनकी नियुक्तियां 31 जनवरी 2019 को एक वर्ष के लिये की गयी थी। कार्यकाल पूरा होने पर इनका कार्यकाल पहले एक महीने के लिये और फिर 15 दिन के लिये बढ़ाया गया था। नई नियुक्तियों के साथ ही ग्वालियर महाधिवक्ता कार्यालय में सरकारी वकीलों के 40 में से 29 पद ही भरे हैं। यहां 11 पद अभी भी खाली हैं। सभी नई नियुक्तियों एक वर्ष के लिये की गयी हैं।
इन अभिभाषकों को नियुक्त किया गया
सिंधिया के करीबी माने जाने वाले इस्माइल खां पठान, विनोद शर्मा, गिरीश श्रीवास्तव, ज्ञानसिंह यादव, राहुल सिंह कुशवाह, मृदला जुत्शी (उपमहाधिवक्ता) और विमल त्रिपाठी (उप शासकीय अधिवक्ता)
इन्हें हटाया
एमएम त्रिपाठी, पुरुषोत्तम पांडे, भंवर सिंह भदौरिया (निधन हो चुका) सुशांत तिवारी, क्षितिज शर्मा, राजकुमार मिश्रा, रविंद्र शर्मा, मनोज द्विवेदी, गायत्री सुर्वे, उप.शासकीय अधिवक्ता रविशंकर गुप्ता और रविशंकर बंसल।
इंदौर खंडपीठ में 12 हटाए
हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने सरकारी पैरवी करने के लिए मौजूदा वकीलों में से 12 को हटा दिया है जबकि 19 को यथावत रखा है। 12 को हटाकर 13 नए वकीलों को रखा गया है। इसे मिलाकर सरकारी वकीलों की संख्या 32 हो गई है। वहीं अंशुमान श्रीवास्तव को इंदौर खंडपीठ में दूसरा उपमहाधिवक्ता बनाया है।
