निगमायुक्त ने मैरिज र्गाडनों की मांगी सूची, सरकारी संस्थानों से भी वसूली के लिए अधिकारियों को निर्देश
ग्वालियर. नगर निगम प्रशासन ने पूरा जोर संपत्तिकर, जलकर सहित आय के अन्य स्रोतों की वसूली पर लगा दिया है। अब तक चालू वित्तीय वर्ष में 80 करोड़ की वसूली हो चुकी है। सरकारी संस्थानों से भी वसूली के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए है। सिटी सेंटर स्थित आईआईटीटीएम संस्थान ने भी निगम में 11 लाख रुपए संपत्तिकर जमा करा दिया। आयुक्त संदीप माकिन ने समीक्षा बैठक लेते हुए मैरिज गार्डनों की सूची और जनगणना का कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कर्मचारी एक लाख घरों तक जा पहुंचे
जनगणना के लिए नगर निगम की टीमें लगाई गई है। वे प्रत्येक घर पर जाकर नंबरिंग कर रही है। अब तक कर्मचारी एक लाख घरों तक जा पहुंचे है। जनगणना अधिकारी डॉ. प्रदीप श्रीवास्तव ने बताया कि वर्ष 2011 की जनगणना में शहर में 2 लाख 22 हजार मकानों पर नंबरिंग की गई थी। इस बार अब तक जो गणना की जा रही है उसमें 20 प्रतिशत बढ़ोतरी का अनुमान है। निगमायुक्त संदीप माकिन ने कहा कि जनगणना का काम काफी धीमा है इसमंे तेजी लाई जाए और 15 मार्च तक यह काम पूरा कर लिया जाए।
हाईकोर्ट की सख्ती से अधिकारी चिंतित
मैरिज गार्डनों में पार्किंग सहित अन्य सुविधाओं को लेकर हाईकोर्ट में याचिका विचाराधीन है इसलिए निगमायुक्त श्री माकिन से समीक्षा बैठक में अधिकारियों से कहा कि वे अपने क्षेत्रों में स्थित मैरिज गार्डनों की सूची तैयार कर जल्द जमा कराएं। हाईकोर्ट चूंकि इस मामले में सख्ती बरत रहा है इसलिए अधिकारी चिंतित है।
