टाइगर श्रॉफ पर हमले का MP कनेक्शन, मुंबई क्राइम ब्रांच की इंदौर में दबिश; एक गिरफ्तार

इंदौर. मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की घटना के तार मध्य प्रदेशसे भी जुड़ते दिख रहे हैं। मामले की जांच कर रही मुंबई क्राइम ब्रांच ने इंदौर क्राइम ब्रांच के साथ मिलकर इंदौर में कार्रवाई की है। टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के मामले में इंदौर से एक युवक को गिरफ्तार किया गया है, जिसका नाम प्रांजल ठकराल है और वो सोनीपत का रहने वाला है। उस पर हमले की कथित प्लानिंग और हथियारों की सप्लाई करने का शक है।
मुंबई से इंदौर तक पहुंची जांच की आंच
इंदौर पुलिस के मुताबिक मुंबई क्राइम ब्रांच की ओर से शुक्रवार रात को इंदौर क्राइम ब्रांच टीम से संपर्क किया गया था। इसके बाद शनिवार को शहर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र से 22 वर्षीय युवक प्रांजल ठकराल को पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक प्रांजल ठकराल सोनीपत का रहने वाला है और 4-5 दिन पहले इंदौर में अपने भाई का इलाज कराने के लिए आया था। बताया जा रहा है कि प्रांजल पेशे से इंजीनियर है लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है और उसकी टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले में उसकी क्या भूमिका थी इसके बार में भी इंदौर पुलिस ने कोई जानकारी नहीं दी है। इंदौर पुलिस की ओर से बताया गया है कि आरोपी प्रांजल को पकड़कर मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ मुंबई लेकर जा रही है। वहीं पर आरोपी ने पूछताछ की जाएगी।
18 अक्टूबर की शाम हुआ था हमला
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर बीते दिनों 18 अक्टूबर की शाम करीब 7:00 बजे जुहू इलाके में पुष्पा पार्क के पास हमला हुआ था। टाइगर श्रॉफ फुटबॉल खेलकर लौट रहे थे तभी उनकी कार जैसे ही पार्क के बाहर भीड़ की वजह से रुकी, तभी बाइक सवार शूटरों ने उनकी गाड़ी पर 5 राउंड फायरिंग की और फरार हो गए थे। फायरिंग के कारण कार के कांच टूटने से टाइगर को मामूली खरोंचें और चोट आई थी लेकिन वो बच गए थे। हमले के अगले ही दिन मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने तीन मुख्य आरोपियों फूल सिंह (18), रेहान उर्फ सुक्का (18) और ऋतिक महतो (22) को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया था। इसके बाद सोनपत और उत्तर प्रदेश से कुणाल, सुमित, राधा और बबीता नाम के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इन आरोपियों ने शूटरों तक हथियार पहुंचाए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *