मुंबई में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े संदिग्ध की गिरफ्तारी, फोन में मसूद अजहर के ऑडियो क्लिप मिले

मुंबई. एंटी टेररिस्ट स्क्वाड ने माहिम इलाके से 33 साल के मोहम्मद हसन अबू सरमद अख्तर को गिरफ्तार किया है। उस पर आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने का आरोप है। आरोपी बिहार का रहने वाला है और मुंबई में रैपिडो ड्राइवर था। एंटी टेररिस्ट स्क्वाड के मुताबिक, आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में भड़काऊ पोस्ट और जैश-ए-मोहम्मद सरगना मसूद अजहर की ऑडियो क्लिप मिली हैं। जांच एजेंसी उसके सोशल मीडिया अकाउंट और एक टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ी गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

ATS ने बताया कि आरोपी 10 साल से मुंबई में रह रहा था।   - Dainik Bhaskar
सोशल मीडिया से मिला सुराग
अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी की सोशल मीडिया गतिविधियों और एक टेलीग्राम ग्रुप से जुड़े सुरागों के आधार पर मामला सामने आया। पुलिस का आरोप है कि वह सोशल मीडिया पर जैश-ए-मोहम्मद को बढ़ावा देने वाली सामग्री पोस्ट करता था। एंटी टेररिस्ट स्क्वाड यह भी पता लगा रही है कि आरोपी के पाकिस्तानी खुफिया एजेंटों से संपर्क थे या नहीं। मामले की जांच मुंबई एंटी टेररिस्ट स्क्वाड की कालाचौकी यूनिट कर रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी बिहार का रहने वाला है और करीब 10 साल से मुंबई में रह रहा था। वह माहिम इलाके में बाबा फलूदा के पास परफ्यूम बेचता था। इसके अलावा, वह रैपिडो ड्राइवर के तौर पर भी काम करता था।
धारा 196(1) के तहत केस दर्ज
मुंबई एंटी टेररिस्ट स्क्वाड की कालाचौकी यूनिट ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 196(1) के तहत मामला दर्ज किया है। यह धारा धर्म, भाषा या अन्य आधारों पर अलग-अलग समूहों के बीच दुश्मनी बढ़ाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने से जुड़े मामलों में लागू होती है। शुक्रवार को अदालत ने आरोपी को पुलिस हिरासत में भेज दिया। एंटी टेररिस्ट स्क्वाड उसके मोबाइल फोन, सोशल मीडिया गतिविधियों और टेलीग्राम ग्रुप से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *