ग्वालियर में मदरसे पर बाल आयोग का छापा, 22 बच्चे रेस्क्यू; मान्यता और दस्तावेजों की जांच

ग्वालियर. राज्य बाल अधिकार सरंक्षण आयोग ने ग्वालियर में एजी ऑफिस के पास स्थित दारूल कुरआन मदरसे में छापामार कार्रवाई की। यहां से आयोग की अध्यक्ष ने महिला बाल विकास विभाग व बाल कल्याण समिति के साथ 22 बच्चों को रेस्क्यू कराया। मौके पर जब मदरसे संचालक से दस्तावेज और मान्यता मांगी गई तो कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया जा सका।
रेस्क्यू कराए गए बच्चों में 15 बालक व 8 बच्चियां शामिल
अधिकारियों को यह भी पता चला कि यहां बच्चों की नियमित पढ़ाई नहीं होती है और यहां बच्चों को देखने वाला भी कोई नहीं है। स्टाफ की नियुक्ति नहीं की गई है। यहां चार साल से लेकर 16 साल के बच्चे व बच्चियां मिलें। रेस्क्यू कराए गए बच्चों में 15 बालक व आठ बच्चियां शामिल हैं। बाल कल्याण समिति की निगरानी में सभी बच्चों को अलग अलग उम्र अनुसार गृहों में रखवा दिया गया है। मदरसे में कुछ माता पिता भी पहुंच गए थे जो बच्चों को ले जाने पर हैरत जता रहे थे।
बाल कल्याण समिति को मिली थी सूचना
बाल कल्याण समिति को यह सूचना मिली थी कि एजी ऑफिस के पास स्थित दारूल कुरआन मदरसे में गैर मान्यता के अवैध ढंग से बच्चों को रखा जा रहा था। यह सूचना राज्य बाल सरंक्षण आयोग को पहुंची तो अध्यक्ष निवेदिता शर्मा ने खुद जाकर अधिकारियों के साथ छापामार कार्रवाई की। यहां पहुंचने के बाद पूरे मदरसे का निरीक्षण किया गया और रिकार्ड मांगा गया। यहां अलग अलग कक्ष बने थे और बच्चों के लिए रहने की व्यवस्था थी। निरीक्षण के दौरान पाया कि सुरक्षा व देखरेख की कोई व्यवस्था नहीं थी दोपहर से शाम तक चली कार्रवाई के दौरान मदरसे का प्रबंधन कोई दस्तावेज नहीं दे सका। वहीं मदरसा प्रबंधन ने मौके पर बच्चों को फौरन छोड़ने की मांग की और कहा कि दस्तावेज देने में समय लगता है।
कमरों में बंद मिलीं बच्चियां, अधिकारियों से छिपाया
राज्य बाल अधिकार सरंक्षण आयोग की अध्यक्ष निवेदिता शर्मा ने बताया कि मदरसे को लेकर शिकायत मिली थी कि यहां अवैध रूप से बालक बालिकाओं को रखा जा रहा है। निरीक्षण व जांच के बाद सामने आया कि मदरसा प्रबंधन पर कोई मान्यता नहीं है। तीन बच्चियां कमरे में बंद मिलीं जिसकी जानकारी यहां के प्रबंधन ने नहीं दी थी। जांच के दौरान यह पता चला कि कुछ बच्चियां कमरे में हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *