ग्वालियर मंदिर हादसे की मजिस्ट्रियल जांच शुरू, घटनास्थल पर पहुंचकर जुटाई जानकारी
ग्वालियर. शीतला माता मंदिर हादसे के मामले में मजिस्ट्रियल जांच के तहत एडीएम सीबी प्रसाद ने मौका मुआयना किया। जहां हादसा हुआ वह स्पॉट बारीकी से देखा और जिस ओर से ट्रक ढलान पर आया था उस मार्ग पर भी जायजा लिया। इसके अलावा मंदिर और आसपास की व्यवस्थाओं को लेकर भी पडताल की। वहीं पुलिस रिकॉर्ड का इंतजार है जो अभी प्रशासन को नहीं मिला है।
रिकॉर्ड जांच में महत्वपूर्ण है
प्रशासन के अनुसार यह रिकॉर्ड जांच में महत्वपूर्ण है। 26 अक्टूबर से तीन दिन तक लोगों से साक्ष्य व जानकारी मांगी गई है जिसमें प्रशासन संबंधित एजेंसियों के लोगों को भी जानकारी देने के लिए बुला सकता है।
जिला दंडाधिकारी सीबी प्रसाद जांच कर रहे
जानकारी के अनुसार ग्वालियर में विगत 18 अक्टूबर की रात शीतला माता मंदिर के मुख्य द्वार पर ट्रक दुर्घटना के कारण हुई जनहानि के कारणों की जांच के लिये कलेक्टर व जिला दंडाधिकारी रूचिका चौहान ने अपर जिला दंडाधिकारी सीबी प्रसाद को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। जांच अधिकारी द्वारा जांच प्रारंभ कर दी गई है।
