MP पेंशनर्स को कैशलेस उपचार का है इंतजार, बीमारियों से जूझ रहे बुजुर्गो का महंगा इलाज उठाना मुश्किल

भोपाल. जीवनभर जिस सरकार की सेवा में दिन-रात एक किया और अपनी ड्यूटी के लिये घर-परिवार की अनदेखी तक कर दी गयी। वहीं सरकार अब बुढापे में बीमार पेंशनर्स का ख्याल नहीं रख पा रही है। यह कहना है, राज्य सरकार की कैशलेस हेल्थ स्कीम का इंतजार कर रहे पेंशनर्स वेलफेयर एसोसियेशन के प्रदेश अध्यक्ष आमोद सक्सेना का है। उन्होंने यह योजना लागू करने के लिये एसोसियेशन की तरफ से सीएम, मुख्य सचिव, अपर मुख्य सचिव (वित्त) एवं प्रमुख सचिव, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सालय शिक्षा विभाग को पत्र लिखकर मानवीय आधार पर प्रदेश के बुजुर्ग पेंशनर्स के लिये योजना शीघ्र लागू करने की मांग की है।
सीमित पेंशन उपचार मिलना असंभव
पेंशनर्स वेलफेयर एसोसियेशन के प्रदेशाध्यक्ष आमोद सक्सेना ने बताया है कि प्रदेश के वृद्ध पेंशनर्स के स्वास्थ्य हितों को ध्यान में रखते हुए कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करने के संबंध में शीघ्र ठोस निर्णय लेने की आवश्यकता है। आमोद सक्सेना ने कहा है कि पेंशनर वह वर्ग है। जिसने अपने जीवन का स्वर्णिम समय प्रदेश और देश की सेवा में समर्पित किया है। सेवानिवृत्ति के बाद सीमित पेंशन पर जीवनयापन करने वाले अनेक बुजुर्ग पेंशनर्स हृदय, किडनी तथा अन्य दीर्घकालिक गंभीर बीमारियों से पीडि़त है। ऐसी स्थिति में महंगे उपचार, नियमित जांच और अस्पताल में भर्ती होने आदि का खर्च उठाना उनके लिये अत्यंत कठिन है। पर्याप्त चिकित्सा सुविधा एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध नहीं होने की वजह से पेंशनर्स को कर्ज लेने समेत अपनी संपत्ति बेचने की विवशता उत्पन्न हो जाती है। आर्थिक अभाव की वजह से पेंशनर्स का समुचित और पर्याप्त इलाज से वंचित रहना अत्यंक पीड़ादायक है।
सरकार को चिकित्सा सुविधा दिलाना चाहिए
एसोसिएशन के संरक्षक गणेश दत्त जोशी ने कहा कि वृद्धावस्था में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा सम्मानजनक जीवन की बुनियादी आवश्यकता है। जिन कर्मचारियों ने अपनी सेवाओं के माध्यम से शासन की व्यवस्थाओं को मजबूत बनाया, उनके जीवन के इस महत्वपूर्ण पड़ाव पर सरकार का दायित्व है कि उन्हें समय पर सुलभ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की प्रभावी व्यवस्था करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *