शीतला माता मंदिर दुर्घटना: कलेक्टर ने दिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश, ADM सीबी प्रसाद नियुक्त

ग्वालियर. कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी रुचिका चौहान ने गत रात शीतला माता मंदिर के पास हुई घटना की मजिस्ट्रियल जाँच के आदेश जारी किए हैं। मजिस्ट्रियल जाँच के लिये अपर जिला मजिस्ट्रेट सी बी प्रसाद को जाँच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिला दण्डाधिकारी ने जाँच अधिकारी को घटना के विभिन्न बिंदुओं पर 7 दिवस के भीतर जाँच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जिला दण्डाधिकारी चौहान ने अपने आदेश में आदेश में कहा है कि 17 व 18 अक्टूबर की दरम्यानी रात ग्वालियर जिले के पुलिस थाना आंतरी क्षेत्रांतर्गत स्थित शीतला माता मंदिर में नवरात्रि की सप्तमी तिथि को चीनौर रोड से आते हुए तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू हो जाने के कारण सड़क किनारे बनी प्रसाद की पाँच दुकानों को रौंदते हुए शीतला माता मंदिर के मुख्य द्वार से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जिसमें प्रारंभिक स्तर पर 14 व्यक्तियों की मृत्यु एवं 27 लोगों के घायल होने की जानकारी प्राप्त हुई है।
उन्होंने जाँच अधिकारी को निर्देशित किया है कि घटना का मूल कारण, ट्रक घटना स्थल पर कैसे पहुँचा इसका विवरण, घटना के संबंध में यदि कोई लापरवाही हुई है तो उसका विवरण एवं लापरवाही के लिये जिम्मेदारी, भविष्य में उपरोक्त प्रकार की घटनाओं को रोके जाने के आवश्यक सुझाव, अन्य बिंदु जिसका वर्णन करना घटना के संबंध में उचित समझें, के संबंध में अपनी जाँच रिपोर्ट कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कार्यालय में समय-सीमा में प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *