रिटायर्ड फौजी की बेटी से मंगेतर ने किया रेप, दहेज में 20 लाख की कार, 5 लाख कैश, नही देने पर वॉट्सऐप पर तोड़ा रिश्ता
ग्वालियर. रिटायर्ड फौजी की 29 वर्षीय बेटी से अहमदाबाद के युवक ने दुष्कर्म किया और बोला कि -तुमसे प्यार करता हूं, तुम्हारे बिना रह नहीं सकता हूं। तुमसे ही शादी करूंगा। मुझे कोई दहेज भी नहीं चाहिये। आरोपी ने ग्वालियर-भिंड में शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाये। पीडि़ता के अनुसार, मंगतेर ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर 24 अक्टूबर 2025 को वाट्सऐप पर रिश्ता तोड़ दिया। इसके बाद युवती ने मां के साथ ग्वालियर महिला थाने पहुंचकर मंगेतर विजय बघेल सहित 5 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।
पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि अहमदाबाद निवासी विजय बघेल, पिता प्रहलाद बघेल के साथ 2021 में शादी की बात चली थी। लेकिन उस वक्त परिजनों ने इसे आगे नहीं बढ़ाया। वर्ष 2024 में विजय ने दोबारा शादी की चर्चा शुरू की। विजय ने युवती के माता-पिता से कहा आपकी बेटी पंसद है। हमें दान-दहेज कुछ नहीं चाहिये। इसके बाद 10 अक्टूबर 2024 को दोनों का रोका कर दिया गया।
अहमदाबाद के होटल में हुई सगाई
शिकायत के मुताबिक, 29 अप्रैल 2025 को अहमदाबाद के एक्ज़ोरेन्स होटल में सगाई का कार्यक्रम हुआ। युवती के परिवार ने सोने की अंगूठी, कपड़े, उपहार और गाड़ियों पर करीब 4.5 लाख रुपए खर्च किए।आरोप है कि सगाई के अगले दिन विजय, उसके पिता प्रहलाद, मां सुशीला, जेठ शिशुपाल और जेठानी खुशबू ने सगाई की बुकिंग का खर्च, सोने की चेन, 5 लाख रुपए नकद और करीब 20 लाख रुपए की टॉप मॉडल क्रेटा कार की मांग की।
पीड़िता के मुताबिक, परिवार ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए मांग पूरी करने में असमर्थता जताई। रिश्ता टूटने से पहले शादी की तैयारियां शुरू हो चुकी थीं। मैरिज गार्डन और सजावट पर करीब 10 से 12 लाख रुपए खर्च हो चुके थे।युवती का आरोप है कि जब उसने रिश्ता तोड़ने का विरोध किया तो विजय ने धमकी दी, “अगर किसी को हमारे शारीरिक संबंध के बारे में बताया तो पूरे समाज में बदनाम कर दूंगा।”
इसके बाद युवती अपनी मां मालती देवी के साथ महिला थाना ग्वालियर पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने विजय बघेल, उसके पिता प्रहलाद, मां सुशीला, जेठ शिशुपाल और जेठानी खुशबू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी।
