घाटमपुर में अतिक्रमण की शिकायत पर राजस्व विभाग ने की जांच

ग्वालियर – ग्राम घाटमपुर में भूमि पर प्लॉटिंग कर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत पर कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देशानुसार राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में सर्वे नंबर 24 की भूमि पर बहुमंजिला इमारत का निर्माण तथा सर्वे नंबर 158 की भूमि पर बाउंड्रीवॉल कर अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया है।
कलेक्टर को 14 अक्टूबर 2026 को ग्राम घाटमपुर के सर्वे नंबर 20, 21, 24, 158, 162, 163, 164, 165, 180, 170, 171 और 172 पर प्लॉटिंग कर अतिक्रमण किए जाने संबंधी शिकायत प्राप्त हुई थी। कलेक्टर ने शिकायत की मौके पर जांच करने के निर्देश एसडीएम लश्कर श्री नरेंद्र बाबू यादव को दिए थे। 15 अक्टूबर 2026 को एसडीएम लश्कर नरेंद्र बाबू यादव, तहसीलदार गोशपुरा श्रीमती वंदना यादव एवं राजस्व अमले ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
जांच के दौरान सर्वे नंबर 24, जिसका रकबा 0.219 है, के 5,000 वर्गफुट क्षेत्र में बहुमंजिला इमारत का निर्माण पाया गया। जांच रिपोर्ट के अनुसार, उक्त अतिक्रमण राजेंद्र सिंह तोमर निवासी थाटीपुर और महेश जैन निवासी हरिशंकर पुरम द्वारा किया जाना पाया गया। इसी प्रकार, सर्वे नंबर 158, जिसका रकबा 0.209 है, के संपूर्ण भाग पर मोहिते गार्डन की संचालक नंदिता दास द्वारा बाउंड्रीवॉल बनाकर भूमि को घेरने और अतिक्रमण किए जाने की बात जांच में सामने आई। राजस्व विभाग की टीम द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। राजस्व विभाग की टीम द्वारा शिकायत में उल्लेखित अन्य सर्वे नंबरों की भी जांच की गई। जांच में इन सर्वे नंबरों पर अतिक्रमण होना नहीं पाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *