छात्रों की गूंज-ग्वालियर में छात्रों से संवाद, इंदौर पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान: कांग्रेस
ग्वालियर – लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित किए जा रहे ऐतिहासिक छात्रों की गूंज कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से आज ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों मे कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव द्वारां छात्रों एवं छात्राओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के महासचिव सुनील शर्मा एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मुनेन्द्र सिंह भदौरिया की उपस्थिति में विद्यार्थियों से शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, छात्रवृत्ति, विश्वविद्यालयों की समस्याओं, युवाओं के अधिकारों तथा उनके भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की युवा विरोधी नीतियों ने शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में अभूतपूर्व संकट पैदा किया है। लाखों युवा बेरोजगारी, पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और महंगी शिक्षा व्यवस्था से परेशान हैं। कांग्रेस पार्टी इन मुद्दों पर चुप बैठने वाली नहीं है। देश का युवा अपने अधिकारों के लिए एकजुट हो रहा है और छात्रों की गूंज उसी जन आंदोलन का सशक्त मंच बनने जा रहा है। ग्वालियर शहर कांग्रेस इस कार्यक्रम में युवाओं और छात्रों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करेगी। यह कार्यक्रम एक राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि देश के विद्यार्थियों की समस्याओं, आकांक्षाओं और भविष्य की आवाज को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने का अभियान है। कांग्रेस पार्टी छात्रों की हर लड़ाई में उनके साथ खड़ी है और आगे भी उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।
छात्रों की गूंज कार्यक्रम का उद्देश्य देशभर के विद्यार्थियों और युवाओं को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे शिक्षा व्यवस्था, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, सामाजिक न्याय, समान अवसर, छात्रवृत्ति, विश्वविद्यालयों की समस्याओं तथा युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात सीधे रख सकें। कार्यक्रम में देशभर से बड़ी संख्या में छात्रों एवं युवाओं की भागीदारी प्रस्तावित है, जिसमें राहुल गांधी विद्यार्थियों से सीधा संवाद करेंगे तथा उनके सुझावों और समस्याओं को सुनेंगे।
