ग्वालियर में पारा 34 के पार, मानसून की रफ्तार हुई धीमी तो सूरज ने पकड़ी चाल
ग्वालियर. ग्वालियर अंचल में वर्षा करा रहा सिस्टम कमजोर हो गया है। इस कारण से मेघ विदा हो चुके है। सोमवार से आसमान साफ हो गया और सूरज ने मोर्चा संभाल लिया है और तेज धूप निकली है। इसका असर यह हुआ कि मंगलवार को अंचल का तापमान 34.2 डिसे पर पहुंच गया यानी खजुराहो के बाद ग्वालियर प्रदेश में दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुमान के अनुसार देश में उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के बीच में सिस्टम सक्रिय है लेकिन उसका असर अंचल में नहीं आ पा रहा है। ऐसे में आगामी चार दिन तक अचल में कहीं-कहीं बौछारें पड सकती है या फिर हल्की वर्षा हो सकती है। ऐसे में अंचल में तापमान सामान्य से एक से दो डिसे अधिक रहा सकता है और उमस भी रह सकती है।
आगामी दिनों में बूंदाबांदी की संभावना
बता दें कि पिछले रविवार तक अंचल में अच्छी खासी वर्षा हुई जिससे लोगों को गर्मी से राहत रहीं लेकिन सिस्टम के कमजोर होने से पानी बरसना बंद हो गया। इससे अंचल का तापमान बढ गया। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अंचल में अब 12 सितंबर से एक बार फिर से सिस्टम सक्रिय हो सकता है और हल्की से मध्यम वर्षा का दौर आ सकता है लेकिन तेज व भारी वर्षा की उम्मीद नहीं है।
अंचल में सितंबर आखिर तक औसत वर्षा 752 मिमी होती है। अभी तक अंचल में 713.2 मिमी वर्षा हो चुकी है जो औसत से 39 मिमी कम है। हालांकि वर्तमान स्थिति में अंचल में 13 प्रतिशत वर्षा अधिक हो चुकी है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आगामी दिनों में औसत वर्षा का कोटा पूरा हो जाएगा।
