मजिस्ट्रेट चेकिंग में फंसे सरपंच हूटर लगाकर घूम रहे का 5 हजार का बना चालान

ग्वालियर. लग्जरी वाहनों पर अवैध रूप से हूटर लगाने और शीशों पर काली फिल्म चढ़ाकर रौब जमाने वालो के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। मंगलवार की रात को मुरार स्थित 7 नम्बर चौराहे पर चली मोबाइल कोर्ट और यातायात पुलिस की संयुक्त चेकिंग के बीच एक सरपंच साहब पुलिस के हत्थे चढ़ गये।
अपनी स्कॉर्पियों कार पर हूटर लगाकर घूम रहे सरपंच चालान से बचने के लिये कई तिकड़म और बहाने लगाये, लेकिन पुलिस ने मौके पर ही हूटर उतरवाया और 5 हजार रूपये का चालान बनाया। अभियान के दौरान कुल 28 वाहनों पर चालान की कार्यवाही कर 51 हजार 500 रूपये का राजस्व वसूला गया।
मजिस्ट्रेट चेकिंग में हूटर लगी स्कॉर्पियों फंसी
मुरार के 7 नम्बर चौराहा पर मोबाइल कोर्ट के साथ गोला का मंदिर यातायात थाने के टीआई प्रबल यादव अपनी टीम के साथ वाहनों की धरपकड़ कर रहे थे। इस बीच हूटर बजाती हुई एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियों कार आती हुई दिखाई दी। जिसे टीम ने तत्काल घेराबंदी कर रोक लिया। पूछताछ करने पर चालक ने रौब झाड़ते हुए स्वयं सरपंच बताया। हालांकि, मोबाइल कोर्ट और पुलिस अधिकारियों के सख्त रूख के आगे संरपंच की एक न चली। पुलिस ने सबसे पहले गाड़ी से हूटर उतरवाकर जब्त किया और फिर 5 हजार रूपये की रसीद थमा दी।
ट्रैफिक पुलिस की चेतावनी
गोला का मंदिर थाना टीआई ट्रैफिक प्रबल यादव ने बताया कि निजी या अनाधिकृत वाहनों पर हूटर-सायरन लगाना और काली फिल्म का इस्तेमाल करना पूरी तरह गैरकानूनी है। मोबाइल कोर्ट के साथ यह चेकिंग अभियान शहर के अलग-अलग चौराहों पर लगातार जारी रहेगा। नियम तोड़ने वालों पर सख्त चालानी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *