MP Teacher TET Exam की तारीख घोषित, 1.5 लाख शिक्षकों की होगी परीक्षा
भोपाल. मध्य प्रदेश में शिक्षकों की शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) को लेकर लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) आयुक्त ने शिक्षक संगठनों के साथ बैठक कर स्थिति स्पष्ट की। आयुक्त अभिषेक सिंह ने शिक्षक संगठनों के संयुक्त मोर्चे के पदाधिकारियों से चर्चा में कहा कि इस साल विभाग शिक्षकों की पात्रता परीक्षा एक ही बार करा पाएगा और इसे 31 दिसंबर से पहले आयोजित कराने की तैयारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा में शामिल होने से किसी शिक्षक की वरिष्ठता (सीनियरिटी) पर कोई असर नहीं पड़ेगा। परीक्षा सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में कराई जा रही है।
ऑफलाइन परीक्षा से किया इनकार
बैठक में मोर्चा पदाधिकारियों को बताया गया कि कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) ने ऑफलाइन परीक्षा कराने में असमर्थता जताई है। इसके बाद स्कूल शिक्षा विभाग अब किसी अन्य एजेंसी के माध्यम से ऑफलाइन परीक्षा कराने के विकल्प पर विचार कर रहा है। माध्यमिक शिक्षा मंडल के माध्यम से परीक्षा कराने की संभावना भी बताई गई है, हालांकि अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। आयुक्त ने कहा कि परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देश जल्द जारी किए जाएंगे। किस वर्ग और पद के शिक्षकों को परीक्षा में शामिल होना है और किन्हें छूट मिलेगी, इसकी जानकारी भी लिखित रूप में उपलब्ध कराने की बात कही गई। मोर्चा के जगदीश यादव ने कहा कि विभाग पहले टीईटी देने वाले शिक्षकों की सूची जारी करे, इसके बाद शिक्षक आवेदन करेंगे।
2010 से पहले नियुक्त शिक्षकों के बहिष्कार का आह्वान
संयुक्त मोर्चे में शामिल ट्राइबल टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डीके सिंगौर ने कहा कि मोर्चा टीईटी परीक्षा के खिलाफ है। उनका कहना है कि 2010 में आरटीई अधिनियम लागू होने से पहले नियुक्त शिक्षक किसी पात्रता परीक्षा में शामिल नहीं होंगे। मोर्चे ने शिक्षकों से भी परीक्षा में शामिल न होने का आग्रह किया है।
