LG का बड़ा फैसला दिल्ली के सभी PG हब की इमारतों की एक हफ्ते में होगी जांच

नई दिल्ली. दिल्ली से सत्य निकेतन में पीजी की इमारत गिरने से 7 लोगों की मौत के बाद प्रशासन ने राजधानी में छात्रों के रहने की जगहों की सुरक्षा को लेकर बडा फैसला लिया है। दिल्ली के उपराज्यपाल तारणजीत सिंह संधू ने सभी पीजी इलाकों की इमारतों की एक हफ्ते के भीतर जांच कराने के निर्देश दिए है।
दिल्ली में एक हफ्ते में इमारतों की होगी जांच
एलजी ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, शहरी विकास मंत्री आशीष सूद और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में सत्य निकेतन हादसे के बाद उठाए गए कदमों की समीक्षा की गई। इस दौरान एलजी ने दिल्ली के उन इलाकों में जांच के निर्देश दिए जहां बडी संख्या में पीजी चलते है। इन इमारतों की मजबूती और सुरक्षा की जांच एक हफ्ते के भीतर पूरी करने को कहा गया है। एलजी ने यह भी कहा कि ऐसी इमारतों पर नियमों के तहत कार्रवाई होनी चाहिए जहां बिना जरूरी सुरक्षा इंतजाम के पीजी चल रहे है। एलजी ने अधिकारियों को बिना सोचे-समझे बडे पैमाने पर इमारतों को सील करने से बचने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्रवाई से छात्रों के सामने रहने की समस्या खडी हो सकती है। उन्होंने पीजी में रहने वाले छात्रों की समस्याओं और उनकी सुरक्षा पर भी ध्यान देने को कहा है।
पीजी में रहने वाले छात्रों का बनेगा रिकॉर्ड
बैठक में पीजी में रहने वाले छात्रों का एक विस्तृत रिकॉर्ड तैयार करने पर भी सहमति बनी। जून में बनाई गई समिति को पीजी में रहने वाले छात्रों से संपर्क कर उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनने के लिए कहा गया है। एलजी ने यह भी कहा कि राजधानी में छात्रों के लिए हॉस्टल की मांग और उपलब्ध सुविधाओं के बीच बडा अंतर है। इसे देखते हुए छात्रों के लिए हॉस्टल की संख्या बढाने की योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए है।
अवैध निर्माण पर सख्त कार्रवाई होगी
दिल्ली सरकार ने बैठक में कहा कि इमारतों की सुरक्षा की जांच प्राथमिकता है। एमसीडी को अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और ऐसे निर्माण को रोकने के निर्देश दिए गए है। इसके अलावा किसी बडी घटना की स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाने के लिए डीडीएमए कंट्रोल रूम को भी तुरंत शुरू करने को कहा गया है। इसमें संपर्क नंबर, राहत-बचाव कार्य, अस्पताल में इलाज और पीडितों के परिवारों से संपर्क करने की व्यवस्था होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *