कोरोना वायरस के प्रति जागरूक करने हेतु लगभग 300 अधिकारी एवं कर्मचारियों को दी दवा

ग्वालियर कोरोना वायरस के प्रति जागरूक करने एवं बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में कलेक्ट्रेट में स्थित डिस्पेंसरी में शनिवार को शिविर सम्पन्न हुआ। अपर कलेक्टर किशोर कन्याल ने शिविर का शुभारंभ कर अधिकारी एवं कर्मचारियों को दवाई प्रदाय की। शिविर में चिकित्सक डॉ राजेश गुप्ता, डॉ गोविंद सिंह और डॉ विनय गुप्ता ने लगभग 300 अधिकारी.कर्मचारियों एवं कलेक्ट्रेट में आए लोगों को दवायें प्रदाय की।
श्री कन्याल ने बताया कि इस शिविर के माध्यम से जो होम्योपैथिक दवा प्रदाय की गई है, उससे लोगों में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ेगी और कोरोना वायरस को भी रोकेंगी। श्री कन्याल ने इस मौके पर उपस्थित लोगों से अपील की कि अभिवादन के दौरान हाथ मिलाने के स्थान पर नमस्ते करें। होली के अवसर पर गले न मिलें। छींकते और खांसते समय नाक और मुंह को ढकें। किसी व्यक्ति को खांसी, जुकाम या बुखार के लक्षण हों तो उससे दूरी बनाएं। खांसी, बुखार या सांस लेने में परेशानी होने पर मान्यता प्राप्त चिकित्सक से परामर्श एवं उपचार लें। नियमित रूप से साबुन और पानी से हाथ अवश्य धोएं। खुले एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों का सेवन न करें। भीड़ भरे क्षेत्रों में न जाएं। ट्रेन या बस में कम से कम यात्रा करें।
डॉ राजेश गुप्ता ने इस मौके पर बताया कि कोरोना वायरस से घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि सावधानियां बरतें। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के किसी व्यक्ति में लक्षण पाए जाने पर तत्काल मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को अथवा टोल फ्री नम्बर 104 पर सूचना दें।
डॉ गुप्ता ने बताया कि कोरोना वायरस के मुख्य लक्षण बुखार आना, सिरदर्द, नाक बहना, जुकाम, खांसी, सांस लेने में तकलीफ, गले में खराश, सीने में जकड़न हो सकती है। इन लक्षणों को नजरअंदाज न करें बल्कि तुरंत मास्क पहनें और तत्काल चिकित्सा सुविधा लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *