त्रिवेंदम-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के 2 कोच में आग लगी, 68 यात्री बाहर निकाले
कोटा. कोटा मंडल में त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के 2 कोच में आग लग गई। हादसा रविवार सुबह करीब 5.15 बजे कोटा मंडल के लूणी रीछा-विक्रमगढ़ आलोट (मध्य प्रदेश) स्टेशन के बीच हुआ। आग ट्रेन के कोच नंबर बी-1 और उसके पीछे लगे सेकेंड लगेज कम गार्ड वैन में लगी थी। हादसे की जानकारी के बाद कोटा जंक्शन पर हूटर बजने लगे। राहत और बचाव टीम मौके के लिए रवाना हुई।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि कोच में 68 यात्री सवार थे। फिलहाल कोई जनहानि की सूचना नहीं है। आग लगने की सूचना गार्ड ने सबसे पहले लोको पायलट को दी थी। इसके बाद ट्रेन को रुकवाया गया और पैसेंजर्स को बाहर निकाला। करीब 15 मिनट में पूरा कोच खाली कराया गया। कुछ मिनटों में ही आग पूरे कोच में फैल गई थी। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
आग को ट्रेन के दूसरे हिस्से में फैलने से रोकने के लिए कोच को करीब 20 मिनट बाद अलग कर दिया गया था।
आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में कोच का ज्यादातर हिस्सा पूरी तरह जल गया।
राहत और बचाव में जुटे कर्मी। सुबह करीब 7.30 बजे तक कोच की आग पर काबू पा लिया था।

