न्यूक्लीयर पॉवर्ड मिसाइल का रूस ने किया सफल परीक्षण, पुतिन बोले-इसे कोई डिफेंस सिस्टम नहीं रोक सकता

मॉस्को. रूस ने दुनिया की पहली न्यूक्लीयर पॉवर्ड यानी परमाणु ऊर्जा से चलने वाली क्रूज मिसाइल बुरेवस्तनिक -9एम739 का सफल परीक्षण किया जा चुका है। ऐसा दावा किया जा रहा है कि यह मिसाइल अनलिमिटेड रेंज वाली है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रविवार को वीडियो कॉफ्रेंस के दौरान कहा है कि इसके सभी परीक्षण पूरे हो चुके हैं। उन्होंने कहा है कि ऐसा मिसाइल दुनिया के किसी भी देश के पास नहीं है। पहले कई एक्सपर्ट यकीन नहीं करते थे कि ऐसा हथियार भी बन सकता है। लेकिन यह हकीकत में बन चुका है।
रूसी सेना के प्रमुख वैलेरी गेरेसिमोव ने बताया है कि मिसाइल का सफल टेस्ट 21 अक्टूबर को किया गया है। इस टेस्ट में बुरेवस्तनिक ने लगभग 15 घंटे तक उड़ान भरी है।इस बीच मिसाइल ने 14 हजार किमी की दूरी तय की। गेरेसिमोव ने यह भी बताया कि यह मिसाइल की अधिकतम रेंज नहीं है। यह इससे अधिक दूरी भी तय कर सकती है।
एक्सपर्ट्स ने मिसाइल टेस्टिंग को खतरा बताया
मिसाइल एक्सपर्ट जेफरी लुईस ने कहा कि रूस का बुरेवेस्तिन मिसाइल की सफल टेस्टिंग एक खतरे की बात है। यह एक छोटा उड़ता हुआ ‘चेरनोबिल’ है। चेरनोबिल यूक्रेन का एक शहर है। सोवियत काल में यहां 26 अप्रैल 1986 को इतिहास का सबसे भयावह परमाणु हादसा हुआ था। चेरनोबिल न्यूक्लियर पावर प्लांट के एक रिएक्टर में भयंकर विस्फोट हो गया था। इसकी वजह से यूक्रेन, बेलारूस, रूस और यूरोप के कई हिस्सों में रेडिएशन फैल गया था। जेफरी के मुताबिक यह मिसाइल बहुत खराब और खतरनाक चीज है। यह किसी साइंस-फिक्शन फिल्म जैसा हथियार है, जो दुनिया में अस्थिरता बढ़ाएगा और हथियारों पर नियंत्रण रखना और भी मुश्किल बना देगा।

