मनोज सिन्हा जम्मू कश्मीर के नये उपराज्यपाल
नई दिल्ली. जम्मू कश्मीर के नये उपराज्यपाल मनोज सिंहा होंगे। राष्ट्रपति भवन ने यह जानकारी दी है। मनोज सिन्हा मोदी सरकार के पूर्व कार्यकाल में रेल राज्य मंत्री और संचार राज्यमंत्री रह चुके हैं। गाजीपुर से सांसद रहे सिन्हा पूर्वी उत्तरप्रदेश में बीजेपी के बड़े नेता हैं। हालांकिए पिछले साल लोकसभा चुनाव हार गये थे। यूपी में 2017 के विधानसभा चुनाव के बाद उनका नाम मुख्यमंत्री के तौर पर भी सामने आया था।
मुर्मू के अचानक इस्तीफे पर उमर अब्दुल्ला ने सवाल उठाए
5 अगस्त यानी एक दिन पहले जब कश्मीर में धारा 370 हटने का एक साल पूरा हुआ, ठीक उसी दिन सोशल मीडिया और वॉट्सऐप ग्रुप्स पर अचानक मुर्मू के इस्तीफे की खबर वायरल हुई। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लेफ्टिनेंट गवर्नर से जुड़ी चर्चा अचानक कैसे शुरू हो गई?
गिरीश चंद्र मुर्मू को कैग की जिम्मेदारी मिल सकती है
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने गिरीश चंद्र मुर्मू का इस्तीफा मंजूर कर लिया है। मुर्मू केंद्र शासित जम्मू-कश्मीर के पहले उपराज्यपाल थे। उन्होंने बुधवार को इस्तीफा दे दिया था। 1985 बैच के आईएएस ऑफिसर मुर्मू गुजरात कैडर के अफसर हैं। सूत्रों के मुताबिक, मुर्मू को कॉम्पट्रॉलर एंड ऑडिटर जनरल ऑफ इंडिया (कैग) बनाकर दिल्ली भेजा जा रहा है। फिलहाल राजीव महर्षि कैग हैं और वे इसी हफ्ते रिटायर हो रहे हैं।