Newsराजनीतिराज्य

महिला खिलाड़ियों को अत्याधुनिक खेल सुविधायें उपलब्ध कराने के लिये सरकार कटिबद्ध – उच्च शिक्षामंत्री 

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. यादव ने विजयाराजे कन्या महाविद्यालय में 5 करोड़ 7 लाख रूपए लागत से निर्मित अत्याधुनिक खेल सुविधाओं से सुसज्जित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का किया लोकार्पण 
ग्वालियर भारतीय संस्कृति में खेलों को सदैव महत्व दिया गया है। साथ ही नारियों का सम्मान व उनके कौशल प्रोत्साहन हमारी संस्कृति की विशिष्टता है। इसी भाव के साथ प्रदेश सरकार कन्या महाविद्यालयों में भी अत्याधुनिक खेल सुविधाओं का विस्तार कर रही है। सरकार महिला खिलाड़ियों को अत्याधुनिक खेल सुविधायें उपलब्ध कराने के लिये कटिबद्ध है। इस आशय के विचार उच्चशिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने व्यक्त किए। डॉ. यादव ने सोमवार को यहाँ विजयाराजे शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में लगभग 6 करोड़ 7 लाख रूपए की लागत से बनकर तैयार हुए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण किया। इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा की गई घोषणा के पालन में किया गया है।
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार महिलाओं के सम्मान व कल्याण के लिये कटिबद्ध है। प्रदेश सरकार द्वारा इसी सोच के साथ महिलाओं के कल्याण के लिये मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी और लाड़ली बहना जैसी योजनायें संचालित की जा रही हैं। इससे महिला सशक्तिकरण को बल मिला है। उन्होंने कहा सरकार महिला खिलाड़ियों के लिये अत्याधुनिक अधोसंरचना जुटा रही है। इसी के तहत विजयाराजे सिंधिया महाविद्यालय में सरकार ने अत्याधुनिक खेल सुविधाओं से सुसज्जित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया है। इस अवसर पर उन्होंने महाभारतकाल में अर्जुन द्वारा मछली की आंख में निशाना लगाने जैसे उदाहरण देते हुए कहा कि हमारा देश खेलों के क्षेत्र में अनादिकाल से अग्रणी रहा है। खेल सुविधायें बढ़ें, इसके लिये केन्द्र व राज्य सरकार प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
शासकीय विजयाराजे कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बनकर तैयार हुए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एथलेटिक्स ट्रैक के साथ-साथ बास्केटबॉल, बॉलीबॉल, हैंडबॉल, फुटबॉल, नेटबॉल, सॉफ्टबॉल, हॉकी, खो-खो, कबड्डी, बॉक्सिंग इत्यादि के कोर्ट व अन्य खेल सुविधायें जुटाई गई हैं। साथ ही पेवेलियन और दर्शक दीर्घा का भी निर्माण किया गया है।
आरंभ में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. यादव ने फीता काटकर व पट्टिका का अनावरण कर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण किया। साथ ही स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का जायजा भी लिया। कार्यक्रम में बीज एवं फॉर्म विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष महेन्द्र सिंह यादव तथा शिवेन्द्र सिंह राठौड, विनोद शर्मा व नरेश शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा डॉ. कुमार रत्नम, महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सुशीला माहौर व खेल अधिकारी डॉ. दीपा वर्मा सहित महाविद्यालय के अन्य आचार्यगण व छात्राएँ मौजूद थीं। उल्लेखनीय है शासकीय विजयाराजे महाविद्यालय की 8 छात्राएँ अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर व 45 छात्राएँ राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न खेल विधाओं में महाविद्यालय व ग्वालियर का नाम रोशन कर चुकी हैं। महाविद्यालय की तीन छात्राओं को एकलव्य अवार्ड, 16 छात्राओं को राज्य स्तरीय मेजर ध्यानचंद अवार्ड मिल चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *