राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मु ट्रिपल आईटीएम के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में होंगीं शामिल

ग्वालियर राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मु का 13 जुलाई को संगीत, कला एवं शिक्षा की ऐतिहासिक नगरी ग्वालियर में आगमन होगा। ग्वालियर प्रवास के दौरान राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंर्फोमेशन टेक्नोलॉजी एण्ड मैनेजमेंट (ट्रिपल आईटीएम) के चौथे दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगीं। साथ ही जीवाजीराव सिंधिया म्यूजियम जयविलास पैलेस देखने जायेंगीं। ट्रिपल आईटीएम के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर, केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, ट्रिपल आईटीएम के बोर्ड ऑफ गवनर्स के चेयरपर्सन दीपक घैसास एवं ट्रिपल आईटीएम के निदेशक प्रो. श्रीनिवास सिंह मंचासीन रहेंगे।
राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मु 13 जुलाई को प्रात: 11.35 बजे वायु मार्ग द्वारा एयरफोर्स स्टेशन महाराजपुरा पहुँचेंगीं। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु यहाँ से जीवाजीराव सिंधिया म्यूजियम जयविलास पैलेस जायेंगीं। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु जीवाजीराव सिंधिया की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन करने के बाद म्यूजियम की लाइनेज गैलरी, मराठा गैलरी, इंडस्ट्रीयल गैलरी व प्रदर्शनी सहित दरबार हॉल इत्यादि का अवलोकन करेंगीं।
10 बच्चों को पुस्तकें भेंट करेंगीं
राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मु अपरान्ह 2.40 बजे गोले का मंदिर मुरैना लिंक रोड़ पर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी एवं प्रबंधन संस्थान (ट्रिपल आईटीएम) पहुँचेंगीं। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु यहाँ पहुँचने के बाद स्लम एरियाज (मलिन बस्तियों) के 10 बच्चों को ट्रिपल आईटीएम के स्टूडेंट ज्ञान मूमेंट के तहत पुस्तकें भेंट करेंगीं। इसी कड़ी में ट्रिपल आईटीएम के बॉयज हॉस्टल की आधारशिला रखेंगीं।
चौथे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगीं
इस कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु ट्रिपल आईटीएम के चौथे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगीं। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु दीक्षांत समारोह में भाग लेने के बाद सायंकाल 4.40 बजे ट्रिपल आईटीएम से एयर फोर्स स्टेशन महाराजपुरा के लिये रवाना होंगीं। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु सायंकाल लगभग 5 बजे एयर फोर्स स्टेशन से विमान द्वारा जयपुर के लिये प्रस्थान करेंगीं।
डॉ. अनिल काकोडकर मानद उपाधि से होंगे विभूषित
राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मु ट्रिपल आईटीएम के दीक्षांत समारोह में परमाणु ऊर्जा आयोग के पूर्व चेयरमेन पद्मविभूषण डॉ. अनिल काकोडकर को डॉक्टर ऑफ साईंस की मानद उपाधि से विभूषित करेंगीं।
7 विद्यार्थियों को गोल्ड मैडल एवं 283 विद्यार्थियों को मिलेंगी उपाधियाँ
ट्रिपल आईटीएम के चौथे दीक्षांत समारोह में सात विद्यार्थियों को गोल्ड मैडल प्रदान किए जायेंगे। साथ ही 283 विद्यार्थियों को बीटेक, एमटेक एवं मैनेजमेंट की उपाधियाँ प्रदान की जायेंगीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *