दिल्ली से ग्वालियर आ रही गरीब रथ ट्रेन में बम की अफवाह, धौलपुर में हुई जांच
ग्वालियर. दिल्ली से ग्वालियर आ रही गरीब रथ एक्सप्रेस ट्रेन के यात्रियों की जान उस समय हलक में अटक गई, जब ट्रेन की एक बोगी में बम की सूचना मिली। ट्रेन को राजस्थान के धौलपुर में खड़ा करवा दिया गया। यात्रियों को ट्रेन से दूर कर डेढ़ घंटे तक धौलपुर व मुरैना के बम निरोधी दस्ता ने ट्रेन की अच्छी तरह पड़ताल की, लेकिन कहीं बम नहीं मिला। बम की अफवाह के कारण तीन घंटे तक गरीब रथ ट्रेन को धौलपुर में खड़ा रहना पड़ा।
दिल्ली से चली गरीब रथ ट्रेन आगरा रेलवे स्टेशन को निकलकर आउटर पर रुकी। इस आउटर पर एक मालगाड़ी भी खड़ी थी इसी दौरान एसी कोच जी-2 में बैठे एक यात्री से एक संदिग्ध ने कहा कि डिब्बे के राइट साइड में बम रखा है। इसके बाद कोच में ऐसा हडकंप मचा कि ट्रेन में बम होने की सूचना झांसी मंडल के डीआरएम तक पहुंच गई। पौने 7 बजे के करीब ट्रेन को राजस्थान के धौलपुर रेलवे स्टेशन के आउटर पर खड़ा करवा दिया गया। अधिकांश डब्बों से यात्रियों को उतारकर ट्रेन से दूर किया गया, फिर ट्रेन में डब्बों से लेकर इंजन तक की तलाशी शुरू हुई।
धौलपुर रेलवे स्टेशन की जीआरपी व आरपीएफ अपने-अपने स्तर पर तलाश में जुट गए, लेकिन बम को ढूंढने वाली कोई सुविधा नहीं होने पर मदद के लिए मुरैना से बम निरोधी दस्ता धौलपुर भेजा गया। ढाई घंटे से ज्यादा देर तक ट्रेन के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई, लेकिन कहीं बम नहीं मिला। इसके बाद बम की सूचना को अफवाह मानकर रात पौने 10 बजे के करीब ट्रेन को धौलपुर से मुरैना रेलवे स्टेशन की ओर रवाना कर दिया गया।

