जम्मू में 15 मिनट में 2 धमाके, 6 लोग घायल, सर्च ऑपरेशन जारी
जम्मू कश्मीर. जम्मू के नरवाल में शनिवार को दो धमाके हुए हैं। इनमें 6 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस धमाकों की वजह पता करने की कोशिश कर रही है। NIA की टीम मौके पर पहुंचकर जांच करेगी। यह धमाके जम्मू में भारत जोड़ो यात्रा की एंट्री के दो दिन बाद हुए हैं। हालांकि, ब्लास्ट वाली जगह यात्रा से 58 km की दूरी पर है। नरवाल के ट्रांसपोर्ट नगर के यार्ड नंबर 7 में खड़ी गाड़ियों में 15 मिनट के अंदर दो धमाके हुए। पहला धमाका 11:05 पर हुआ और दूसरा धमाका 11:20 पर हुआ। सूचना मिलते ही एसएसपी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए।b रिपब्लिक डे और भारत जोड़ो यात्रा के चलते जम्मू में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है। धमाकों के बाद पुलिस पहले से ज्यादा अलर्ट हो गई है। सीआरपीएफ, सेना और पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और वाहनों की जांच की जा रही है।

सुरक्षा एजेंसियों ने जारी किया था अलर्ट
जम्मू-कश्मीर में एंट्री से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने अलर्ट जारी किया था। इसमें राहुल को भारत जोड़ो यात्रा में पैदल न चलने की सलाह दी गई थी। अधिकारियों का कहना था कि यात्रा घाटी के कुछ ऐसे रास्तों से गुजर रही है, जो बेहद संवेदनशील हैं। राहुल की सुरक्षा की जिम्मेदारी कश्मीर पुलिस और CRPF को दी गई है।
राहुल की यात्रा की जम्मू में एंट्री
भारत जोड़ो यात्रा ने जम्मू-कश्मीर में गुरुवार शाम को लखनपुर के रास्ते कठुआ में एंट्री की। शुक्रवार सुबह राहुल ने कठुआ से जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे पर लगभग 21 किलोमीटर का सफर तय किया। इस दौरान बारिश भी हुई और राहुल रेनकोट में नजर आए। आज यात्रा का हॉल्ट रहेगा। चड़वाल में यात्रियों के रुकने का प्रबंध किया गया है। रविवार को हीरानगर से यात्रा शुरू होगी। 24 जनवरी को राहुल जम्मू में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। 26 जनवरी को यात्रा का हॉल्ट रहेगा।

